पीएम ने खुद स्वीकार कर लिया कि पांच वर्ष में कोई काम नहीं हुआ है: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 26, 2019

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से वोट करने की अपील को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि मोदी के इस बयान से साफ हो गया है कि पिछले तीन चरणों के चुनाव में भाजपा बुरी तरह हार रही है और इसका अंदाजा उन्हें हो गया है। पार्टी नेता राजीव शुक्ला ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद स्वीकार कर लिया है कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने कोई काम नहीं किया है। शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने नामांकन दाखिल किया और इसके लिए बड़े स्तर पर इवेंट मैनेजमेंट का आयोजन हुआ। नामांकन के बाद प्रधानमंत्री ने अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। इससे साफ होता है कि प्रधानमंत्री और भाजपा को यह पता चल गया है कि पिछले तीन चरणों के चुनाव में उनकी हालत बहुत बुरी है और वे बुरी तरह हार रहे हैं।’’

इसे भी पढ़ें: बीते पांच साल ईमानदार प्रयास के थे, अगला पांच साल नतीजों का होगा- मोदी

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इस बार यह भी देखा गया कि उनके नामांकन के मौके पर राजग के घटक दलों के नेता भी मौजूद थे। इसका मतलब यह है कि मोदी जी अच्छी तरह जानते हैं कि इस बार उन्हें बहुमत नहीं मिलने जा रहा है। अब वह अपने सहयोगी दलों पर विश्वास जता रहे हैं।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री के एक और बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि पिछले पांच वर्षों में उनके कामों का कोई परिणाम नहीं आया है। यही बात तो राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी कह रही है कि गत पांच वर्षों में देश में कोई काम नहीं हुआ है।’’ शुक्ला ने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने यह स्वीकार किया कि पांच वर्ष में कोई काम नहीं हुआ है।’’

इसे भी पढ़ें: नामांकन के बाद बोले PM मोदी- भारत के उज्जवल भविष्य के लिए संकल्पबद्ध हैं काशीवासी

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा,  ऐसा माहौल कुछ लोग बनाने लगे हैं कि मोदी जी तो जीत गये इसलिए वोट नहीं करोगे तो चलेगा। कृपा करके ऐसे लोगों की बात में मत आइये ।  मोदी ने कहा,  मतदान आपका हक है और लोकतंत्र एक उत्सव इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान करना चाहिए। नामांकन दाखिल करने के मौके पर मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Government का बड़ा ऐलान, Middle East तनाव के बीच नहीं होगी LPG Cylinder और Petrol की किल्लत

भारत को इजाजत देने वाले तुम कौन? दोस्त रूस ने ट्रंप का दिमाग कर दिया ठंडा

TTV Dhinakaran का बड़ा दावा: Tamil Nadu में NDA बनाएगी सरकार, DMK के खिलाफ होगी Silent Revolution

पूरा हिसाब लेंगे...ईरान के नए सुप्रीम लीडर ने पहले संबोधन में किया साफ, पड़ोसी देशों को भी नहीं करेंगे माफ