प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री एच1बी वीजा शुल्क वृद्धि के मुद्दे को युद्धस्तर पर सुलझाएं: ए रेवंत रेड्डी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 21, 2025

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एच-1बी वीजा शुल्क में भारी बढ़ोतरी करने के फैसले से तेलुगु आईटी पेशेवरों को ‘‘अकल्पनीय पीड़ा’’ का सामना करना होगा।

रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से इस मुद्दे को ‘‘युद्धस्तर पर’’ सुलझाने का आग्रह किया। उन्होंने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रपति के कार्यकारी आदेश सभी के लिए चौंकाने वाले थे। भारत-अमेरिकी संबंधों के ऐतिहासिक संदर्भ में यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’’

रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार को इतने लंबे समय तक अमेरिका की सेवा करने वाले ‘‘हमारे तकनीकी पेशेवरों’’ और कुशल श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए, इस मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए तुरंत एक तंत्र स्थापित करना चाहिए।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत एच1बी वीजा शुल्क बढ़ाकर सालाना 1,00,000 अमेरिकी डॉलर किए जाने का प्रावधान है। ट्रंप के इस कदम से अमेरिका में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

प्रमुख खबरें

West Bengal के वोटरों को राहत! Supreme Court के आदेश पर अब Tribunal करेगा खारिज आवेदनों की सुनवाई

IT Rules पर Modi सरकार को Supreme Court से झटका, Fact Check Unit पर फिलहाल रोक

करूर भगदड़ कांड: एक्टर विजय को फिर मिला समन, दिल्ली में पेशी, करूर त्रासदी की जांच तेज

West Bengal में शांतिपूर्ण चुनाव का वादा, CEC Gyanesh Kumar बोले- किसी पात्र Voter का नाम नहीं हटेगा