प्रधानमंत्री इमरान खान ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर पाकिस्तान को बर्बाद करने का आरोप लगाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 18, 2021

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों भुट्टो और शरीफ परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और पाकिस्तान को बर्बाद किया है। पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) पर शनिवार को प्रसारित समाचार चैनल ‘अल जजीरा’ को दिए साक्षात्कार में खान ने कहा कि पाकिस्तान संसाधनों के मामले में धनी था लेकिन भुट्टो और शरीफ परिवारों ने उनका गलत तरीके से इस्तेमाल किया।

इसे भी पढ़ें: जबलपुर कलेक्टर की बड़ी कार्यवाही, नवजीवन रिहैबिलेशन सेंटर की मान्यता हुई निरस्त

खान ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार देश को बर्बाद करता है। गरीब देश इसलिए गरीब नहीं है, क्योंकि उनके पास संसाधन नहीं है, बल्कि इसलिए हैं क्योंकि उनका नेतृत्व भ्रष्ट है।’’ अपने इलाज के सिलसिले में फिलहाल लंदन में रह रहे पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ पर पाकिस्तान में भ्रष्टाचार का मुकदमा चल रहा है। पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी के खिलाफ भी भ्रष्टाचार का मुकदमा चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अगर मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो मैं खुद पारदर्शी जांच कराऊंगा।’’ क्रिकेट से राजनीति में आए खान ने कहा कि ब्रिटेन में लंबे प्रवास के दौरान उन्होंने पश्चिमी दुनिया की राजनीतिक प्रणाली को बहुत अच्छी तरह समझा है और पश्चिमी ताकतों की राजनीति की हमेशा आलोचना की है। खान ने कहा कि उनकी सरकार कश्मीर मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी।

भारत ने हमेशा ही पाकिस्तान द्वारा ‘जम्मू-कश्मीर’ के संबंध में दिए गए सभी संदर्भों को खारिज किया है और उसका कहना है कि वह भारत का ‘‘अभिन्न और अविभाज्य’’ हिस्सा है। भारत ने बार-बार पाकिस्तान से कहा है कि वह देश के आंतरिक मामलों में दखल नहीं दे। अफगान संकट पर चिंता जताते हुए खान ने कहा कि पड़ोसी देश में लोग भूख से मर रहे हैं और अमेरिका को उनकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 9/11 (11 सितंबर 2001) के आतंकवादी हमलों में कोई अफगान शामिल नहीं था, इसके बावजूद अमेरिका ने अज्ञात कारणों से अफगानिस्तान पर हमला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता है कि अमेरिका अफगानिस्तान में क्या हासिल करना चाहता था। तथाकथित युद्ध (आतंकवाद के खिलाफ) के नाम पर उन्होंने 20 साल तक देश पर कब्जा जमाए रखा। अगर लक्ष्य सिर्फ अलकायदा को खत्म करना था, तो वह दो साल में ही पूरा हो गया था।’’ खान ने कहा कि अगर अफगानिस्तान अनिश्चितता का शिकार होता है तो पाकिस्तान को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे क्योंकि दोनों देश 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

प्रमुख खबरें

PM Modi और UAE क्राउन प्रिंस की मुलाकात, रणनीतिक और निवेश साझेदारी पर बनी सहमति

NALSA की तीसरी National Lok Adalat में 2.10 करोड़ से अधिक मामले निपटे

यूआईआईडीबी के पास सिर्फ 18 हेक्टेअर जमीन, कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद: Mahendra Bhatt

Reform UK Party को दो क्रिप्टो अरबपतियों से मिले 7.2 करोड़ पाउंड का चंदा, ब्रिटेन में विवाद