जो भी गठबंधन ‘नकारात्मकता’ के साथ बने वह कभी सफल नहीं हो पाए: प्रधानमंत्री मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 18, 2023

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भी गठबंधन ‘नकारात्मकता’ के साथ बने वह कभी सफल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का गठन देश में राजनीतिक स्थिरता लाने के लिए हुआ था। राजग के नेताओं की यहां एक बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जब गठबंधन सत्ता की मजबूरी का हो, जब गठबंधन भ्रष्टाचार की नीयत से हो, जब गठबंधन परिवारवाद की नीति पर आधारित हो, जब गठबंधन जातिवाद और क्षेत्रवाद को ध्यान में रखकर किया गया हो तो ऐसा गठबंधन देश का बहुत नुकसान करता है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में राजग के गठन के 25 साल पूरे हुए हैं और ये 25 वर्ष विकास और क्षेत्रीय आकांक्षाओं की पूर्ति के रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजग का मतलब राज्यों के विकास के माध्यम से देश का विकास है। उन्होंने कहा, ‘‘नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (राजग) में एन का अर्थ ‘न्यू इंडिया’, डी का अर्थ ‘डेवलप्ड नेशन’ और ए का अर्थ है ‘लोगों की आकांक्षा’। आज युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग, दलित और वंचित लोग राजग पर भरोसा करते हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल, बालासाहब ठाकरे, अजित सिंह, शरद यादव जैसे नेताओं ने राजग को आकार देने में योगदान दिया। उन्होंने कहा, ‘‘राजग अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत है, लालकृष्ण आडवाणी ने भी इसको आकार देने में अहम भूमिका निभाई और वह हमारा अनवरत मार्गदर्शन कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Prashant Kishor ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

AISA अध्यक्ष Neha Bora ने Jantar Mantar प्रदर्शन जारी रखने का दिया संदेश

Shardiya Navratri 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, घटस्थापना और पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

Mansukh Mandaviya से मिले पैरा निशानेबाज, Asian Para Games चयन में PCI पर लगाया पक्षपात का आरोप