PM मोदी ने कोविड-19 पर राजनीतिक दलों के नेताओं से की चर्चा, कहा- एक बार में नहीं हटेगा लॉकडाउन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 08, 2020

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा एवं राज्यसभा में विपक्ष समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को बताया कि कोरोना वायरस के कारण लागू देशव्यापी लॉकडाउन एक बार में नहीं हटाया जायेगा। सर्वदलीय बैठक में शामिल रहे बीजद नेता पिनाकी मिश्रा ने यह बात बतायी। वहीं, प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थिति ‘सामाजिक आपातकाल’ जैसी है, कड़े निर्णय लेने की जरूरत है और हमें अवश्य ही सतर्क रहना चाहिए। मोदी की यह टिप्प्णी ऐसे समय में आई है जब उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक की और कोरोना वायरस के कारण देश में उत्पन्न स्थिति और सरकार द्वारा इसे तेजी से फैलने से रोकने के प्रयासों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 पर सर्वदलीय बैठक में नेताओं से कहा कि सरकार की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा करना है। उन्होंने नेताओं से कहा, ‘‘स्थिति ‘सामाजिक आपातकाल’ जैसी है, कड़े निर्णय लेने की जरूरत है और हमें अवश्य ही सतर्क रहना चाहिए। प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद बीजद नेता पिनाकी मिश्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया कि 14 अप्रैल को एक साथ लॉकडाउन नहीं हटेगा। मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमसे कहा कि कोरोना वायरस से पहले और कोरोना वायरस के बाद का जीवन एक जैसा नहीं होगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, राकांपा के शरद पवार के अलावा तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय सहित विभिन्न नेताओं ने प्रधानमंत्री के साथ संवाद किया। सूत्रों ने बताया कि इन नेताओं को स्वास्थ्य, गृह और ग्रामीण विकास मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों ने कोविड-19 से निपटने के तरीके एवं लॉकडाउन के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को लेकर सरकार द्वारा उठाये गए कदमों के बारे में जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कई विपक्षी नेताओं ने स्वास्थ्य कर्मियों के लिये व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) की कमी का मुद्दा उठाया जबकि कुछ अन्य नेताओं ने सुझाव दिया कि सरकार को संसद के नये भवन के निर्माण की योजना को अभी छोड़ देना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ नेताओं ने अधिक से अधिक जांच कराने का सुझाव दिया, वहीं कुछ नेताओं ने राज्यों को और मदद देने की बात भी रखी। बहरहाल, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी ने कोविड-19 संकट से निपटने के लिये आगे की रणनीति के लिये केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लेकर कार्यबल बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कोरोना वायरस संकट के दौरान सरकार की मदद के लिए बहु-दलीय कार्य समूह बनाने का सुझाव दिया। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब सरकार ने संकेत दिया है कि वह वायरस को तेजी से फैलने से रोकने के लिये कई राज्यों एवं विशेषज्ञों के देशव्यापी लॉकडाउन को 14 अप्रैल के बाद बढ़ाने की राय पर विचार कर सकती है। 

इसे भी पढ़ें: ‘वुहान वायरस’ अब और नहीं, अमेरिका-चीन ‘युद्धविराम’ की स्थिति मे

प्रमुख खबरें

Toronto Semifinal: Iga Swiatek ने श्नाइडर को रौंदा, स्वितोलिना से होगा पुरानी हार का हिसाब

FIFA World Cup की सफलता का हवाला देकर Donald Trump ने Infantino को बताया शानदार व्यक्तित्व

Myles Lewis-Skelly के लिए Arsenal छोड़ना होगा बड़ा मोड़, Manchester United और Chelsea की नजरें खिलाड़ी पर

Barcelona से Liverpool पहुंचे Ronald Araujo, बोले- करियर के इस पड़ाव पर क्लब बदलना बेहद जरूरी था