Modi ने NDA सांसदों को रक्षाबंधन पर मुस्लिम महिलाओं से राखी बंधवाने का निर्देश दिया, VHP बोली- मुस्लिम पुरुषों से परेशान हैं महिलाएं इसलिए हम रक्षा करेंगे

By नीरज कुमार दुबे | Aug 02, 2023

विपक्ष आरोप लगा रहा है कि भाजपा और संघ परिवार देश में हिंदुओं और मुस्लिमों के बीच नफरत फैला रहे हैं। इसके अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी बार-बार ट्वीट करके आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा और आरएसएस ने देश में केरोसीन छिड़क दिया है। वह दावा करते हैं कि उनकी मोहब्बत की दुकान में ही भारत को जोड़ने का सामान मिलता है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बयानबाजी के चक्कर में ज्यादा नहीं पड़ते हुए अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वांगीण उत्थान पर ध्यान दे रहे हैं। पहले की सरकारों की तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए मोदी ने अपने शासन के पहले दिन से सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का जो मूलमंत्र दिया है, उसी को आधार बनाकर वह अपनी योजनाओं को तैयार कर रहे हैं और उन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ लागू करवा रहे हैं।

बैठक में मौजूद कुछ सांसदों ने कहा कि मोदी ने समाज के हर वर्ग से जुड़ने की जरूरत पर जोर दिया और उसके बाद मुस्लिम समाज में एक बार में तीन तलाक की प्रथा पर प्रतिबंध लगाने के अपनी सरकार के फैसले का उल्लेख किया। बैठक में मौजूद कुछ सांसदों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं तक पहुंचने के लिए रक्षा बंधन के दौरान कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि रक्षा बंधन का त्योहार इस साल 30 अगस्त को पड़ेगा। 

हम आपको बता दें कि मोदी अक्सर मुस्लिम महिलाओं के लिए अपनी सरकार के सुधार उपायों को रेखांकित करते रहे हैं। अपने हालिया ‘मन की बात’ संबोधन में उन्होंने कहा था कि इस साल 4,000 से अधिक मुस्लिम महिलाओं का ‘महरम’ के बिना हज करना एक ‘बड़ा परिवर्तन’ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी सरकार द्वारा हज नीति में किए गए बदलावों के साथ अधिक से अधिक लोगों को वार्षिक तीर्थयात्रा पर जाने का मौका मिल रहा है।

हम आपको यह भी बता दें कि भाजपा आजकल खासतौर पर पसमांदा मुस्लिमों को पार्टी से जोड़ने पर ध्यान दे रही है। पिछले दिनों अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा केरल के पसमांदा मुस्लिम अब्दुल्ला कुट्टी को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। इस तरह पहली बार भाजपा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर दो मुस्लिम हैं। इसके अलावा भाजपा कई राज्यों में स्नेह यात्रा का आयोजन कर भी मुस्लिमों के बीच पहुँचने की कोशिश कर रही है।

जहां तक तीन तलाक संबंधी कानून की बात है तो आपको बता दें कि मोदी सरकार ने इस प्रथा को अपराध घोषित कर दिया है। मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) विधेयक 2019 में संसद द्वारा पारित किया गया था, जिसमें एक बार में तीन तलाक की प्रथा को अवैध घोषित किया गया था। इस अपराध के लिए पति को जेल की सजा हो सकती है।

बहरहाल, भाजपा और एनडीए सांसदों के रक्षा बंधन त्योहार मुस्लिम महिलाओं के साथ मनाने संबंधी मोदी के निर्देश पर जब हमने विश्व हिंदू परिषद की प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाएं अपने समाज के पुरुषों से परेशान हैं इसीलिए प्रधानमंत्री ने सबको मुस्लिम महिलाओं से राखी बंधवाने के लिए कहा है। रक्षा का सूत्र बंधने पर भाई हमेशा अपनी मुस्लिम बहनों की रक्षा के लिए तैयार रहेगा।

प्रमुख खबरें

Hair Care: गर्मी में ये 3 Non-Sticky Oils हैं सबसे असरदार, बाल रहेंगे Healthy

Ireland से T20 सीरीज में Team India की हार, Captain Shreyas Iyer बोले- उन्हें पिच का पता था

1 लाइन ने बिगाड़ दिया पूरा खेल, क्या है MoU का आर्टिकल-5? जिस पर फिर से भिड़ गए अमेरिका-ईरान

Nail Palmistry: आपके नाखून दे रहे हैं Bad Luck का संकेत? जानें ग्रहों का ये बड़ा इशारा