पीएम मोदी का नेपाल दौरा, द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा के मुद्दे पर करेंगे विस्तृत चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 16, 2022

लुम्बिनी (नेपाल)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल की संक्षिप्त यात्रा पर सोमवार को गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी पहुंचे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह अपने नेपाली समकक्ष शेर बहादुर देउबा से जल विद्युत, विकास और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी, देउबा के निमंत्रण पर नेपाल पहुंचे हैं। वह एक दिवसीय यात्रा पर लुम्बिनी पहुंचे है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद मोदी की यह पांचवीं नेपाल यात्रा है। मोदी और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से लुम्बिनी पहुंचे। लुम्बिनी नेपाल के तराई मैदानी इलाके में स्थित है और यह बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा सरकार ने एम्बुलेंस सेवा चालकों को किया दाने-दाने को मोहताज : अखिलेश यादव

नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, “बैठक के दौरान दोनों नेता नेपाल-भारत सहयोग और आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।” अपने दौरे से पहले जारी एक बयान में मोदी ने कहा कि पिछले महीने देउबा की भारत यात्रा के दौरान हुई “सार्थक” चर्चा के बाद वह फिर से नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात करने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष कई क्षेत्रों में साझा समझ बनाना जारी रखेंगे जिसमें पनबिजली, विकास और संपर्क शामिल है। मोदी ने नेपाल यात्रा से पहले रविवार को जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं। भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं।’’ बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लुम्बिनी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी शाम चार बजे कुशीनगर लौट आएंगे। वह महापरिनिर्वाण स्तूप जाएंगे तथा दर्शन और पूजा करेंगे।

प्रमुख खबरें

Titan के नतीजों से Stock Market में धूम, Share रॉकेट बना, 35% बढ़ा Profit

Petrol-Diesel पर राहत की बड़ी कीमत, सरकारी Oil Companies को हर महीने ₹30 हजार करोड़ का घाटा

OpenAI विवाद में नया मोड़: Elon Musk की पार्टनर Shivon Zilis ने खोले निजी जिंदगी के पन्ने

Stock Market में Lenskart का बड़ा खेल, 5300 करोड़ के सौदे के बाद शेयर में आया 5% का उछाल