By अभिनय आकाश | Mar 12, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा के दौरान बुधवार को मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोखूल ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। इससे पहले दिन में उन्होंने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में भारत-मॉरीशस सहयोग बढ़ाने पर 'अद्भुत' चर्चा हुई। एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री श्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ अच्छी बैठक हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के सांसद और विपक्ष के नेता जॉर्जेस पियरे लेसजोनगार्ड से भी मुलाकात की। उन्होंने भारत-मॉरीशस मित्रता को और मजबूत करने पर उपयोगी विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि भारत को मॉरीशस के लिए "मूल्यवान और भरोसेमंद विकास भागीदार" होने पर गर्व है और दोनों देश वैश्विक दक्षिण के हितों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे।पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी भाग लिया। भोज में अपने भाषण में, पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों की कोई सीमा नहीं है, और वे दोनों देशों के लोगों के साथ-साथ क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे।