बनारस में बोले पीएम मोदी- काशी पर औरंगजेब ने किया अत्याचार, यहां मृत्यु भी मंगल है

By अंकित सिंह | Dec 13, 2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एक सभा को संबोधित किया इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ तौर पर मुगल शासक औरंगजेब पर काशी के ऊपर अत्याचार करने को लेकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी इस वाराणसी ने युगों को जिया है, इतिहास को बनते बिगड़ते देखा है। कितने ही कालखंड आये, कितनी ही सल्तनतें उठी और मिट्टी में मिल गई। फिर भी बनारस बना हुआ है। बनारस अपना रस बिखेर रहा है। उन्होंने कहा कि आतातायियों ने इस नगरी पर आक्रमण किए, इसे ध्वस्त करने के प्रयास किए!औरंगजेब के अत्याचार, उसके आतंक का इतिहास साक्षी है। जिसने सभ्यता को तलवार के बल पर बदलने की कोशिश की। लेकिन इस देश की मिट्टी बाकी दुनिया से कुछ अलग है। श्री काशी विश्वनाथ धाम के पहले चरण का उद्घाटन के अवसर पर मोदी ने कहा कि यहां अगर औरंगजेब आता है तो शिवाजी भी उठ खड़े होते हैं! अगर कोई सालार मसूद इधर बढ़ता है तो राजा सुहेलदेव जैसे वीर योद्धा उसे हमारी एकता की ताकत का अहसास करा देते हैं। अंग्रेजों के दौर में भी, हेस्टिंग का क्या हश्र काशी के लोगों ने किया था, ये तो काशी के लोग जानते ही हैं। उन्होंने कहा कि काशी शब्दों का विषय नहीं है, संवेदनाओं की सृष्टि है। काशी वो है- जहां जागृति ही जीवन है! काशी वो है- जहां मृत्यु भी मंगल है! काशी वो है- जहां सत्य ही संस्कार है! काशी वो है- जहां प्रेम ही परंपरा है। यहां का हर पत्थर शंकर है, इसलिए हम अपनी काशी को सजीव मानते हैं। इसी भाव से हमें अपने देश के कण कण में मातृ भाव का बोध होता है।

 

प्रमुख खबरें

PM Modi और UAE क्राउन प्रिंस की मुलाकात, रणनीतिक और निवेश साझेदारी पर बनी सहमति

NALSA की तीसरी National Lok Adalat में 2.10 करोड़ से अधिक मामले निपटे

यूआईआईडीबी के पास सिर्फ 18 हेक्टेअर जमीन, कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद: Mahendra Bhatt

Reform UK Party को दो क्रिप्टो अरबपतियों से मिले 7.2 करोड़ पाउंड का चंदा, ब्रिटेन में विवाद