'समाज में जाति का जहर फैला रही कांग्रेस', चुनावी नतीजों पर बोले PM Modi, झूठ की घुट्टी पर भारी पड़ी विकास की गारंटी

By अंकित सिंह | Oct 08, 2024

हरियाणा और जम्मू कश्मीर चुनाव के नतीजे आज सामने आ गए हैं। हरियाणा में भाजपा ने जबरदस्त तरीके से ऐतिहासिक जीत हासिल की है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन को जीत मिली है। भाजपा 29 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही है। चुनावी परिणामों को लेकर भाजपा में जबरदस्त उत्साह है। आज भाजपा कार्यालय में जबरदस्त जश्न रखा गया था जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने अंबोधन में मोदी ने कहा कि हम सबने सुना है कि 'जहां दूध दही का खाना, वैसा है अपना हरियाणा।' हरियाणा के लोगों ने फिर कमाल कर दिया है और कमल-कमल कर दिया है।

मोदी ने साफ तौर पर कहा कि हरियाणा की ये जीत कार्यकर्ताओं के अथाह परिश्रम का परिणाम है। हरियाणा की ये जीत नड्डा जी और हरियाणा की टीम के प्रयासों की जीत है। हरियाणा की ये जीत नम्र-विनम्र हमारे मुख्यमंत्री जी के कर्तव्यों की भी जीत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली। लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है। भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए No Entry का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही। लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा की जनशक्ति को PM Modi ने किया नमन, बोले- यह विकास और सुशासन की जीत, जम्मू-कश्मीर पर कही बड़ी बात

मोदी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उनपर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस के इस शाही परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर कांग्रेस अपने वोटबैंक को देना चाहती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वो अलग-अलग वर्गों को भड़का रहे हैं, लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। देश ने देखा कि कैसे किसानों को भड़काने का प्रयास हुआ, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं, भाजपा के साथ हैं।

प्रमुख खबरें

Jemimah Rodrigues की जगह Pratika Rawal की एंट्री, Asia Cup से पहले Indian Womens Team में हुआ बड़ा बदलाव

Electronics Export में 57% की रिकॉर्ड उछाल, लेकिन China और Taiwan पर निर्भरता अब भी बड़ी Challenge

Ferran Torres छोड़ेंगे Barcelona: PSG के साथ 50 Million Euro के बड़े Transfer सौदे पर लगी मुहर

Manchester United नहीं करेगा 100 Million का मेगा सौदा, कोच Michael Carrick ने Transfer Strategy पर तोड़ी चुप्पी