PM मोदी बोले, बिहार के लोगों ने डबल-डबल युवराजों को नकार दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 03, 2020

फॉरबिसगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जंगल राज’ चलाने वालों ने एक समय बिहार में मतदान केन्द्र पर कब्जा करने की संस्कृति के जरिए गरीबों के मताधिकार को छीन लिया था लेकिन राजग ने गरीबों को उनका वह अधिकार फिर से दिलाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यही कारण है कि आज बिहार में अराजकता, जबरन वसूली की हार हो रही है जबकि विकास और कानून का शासन जीत रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के बावजूद बिहार में मतदाताओं का जोश, भारत में लोकतंत्र की गहरी जड़ों को दर्शाता है। विपक्षी गठबंधन को आड़े हाथ लेते हुए मोदी ने कहा कि इनका एकमात्र सपना लोगों को डराकर, अफवाहें फैलाकर, लोगों को बांटकर किसी भी तरह से सत्ता हथियाना है लेकिन बिहार के लोगों ने ‘जंगलराज और डबल-डबल युवराजों’ को सिरे से नकारकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को फिर से जनादेश देने का मन बना लिया है। फॉरबिसगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बिहार अब उन लोगों को पहचान चुका है जिनका एकमात्र सपना किसी तरह लोगों को डराकर, अफवाह फैलाकर, लोगों को बांटकर किसी भी तरह से सत्ता हथिया लेना है। इनकी तो बरसों से यही सोच है, इन्होंने यही देखा है, यही समझा है, यही सीखा है।’’ 

इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार की बड़ी कार्रवाई, खालिस्तान समर्थक 12 वेबसाइटों पर लगाई रोक

प्रधानमंत्री ने स्थानीय की एक लोकोक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में कहा जाता है- अनकर धन पाईं, त नौ मन तौलाईं अर्थात स्वार्थ का भाव ये है कि जब दूसरे का पैसा है, तो जितना चाहे खरीदो, क्या फर्क पड़ता है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘झूठ बोलकर कांग्रेस ने देश के लोगों को क्या-क्या सपने दिखाए। याद कीजिए दशकों पहले के दिन, चुनाव से पहले कहते थे, गरीबी हटाएंगे, किसान का कर्जा माफ करेंगे, टैक्स कम करेंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास गवाह है, दस्तावेज गवाह हैं कि इन्होंने इसमें से एक भी काम नहीं किया, सिर्फ लोगों को गुमराह किया। मोदी ने कहा, ‘‘आज कांग्रेस की हालत यह है कि लोकसभा और राज्यसभा को मिला दें, तो भी उसके पास 100 सांसद नहीं हैं।’’ गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज 94 सीटों पर मतदान हो रहा है। राजग की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आज बिहार में गुंडागर्दी, घोटाला और रंगदारी हार रही है, कानून का राज और विकास वापस लाने वाले फिर जीत रहे हैं।’’ प्रदेश में रहीं राजद की सरकारों के संदर्भ में मोदी ने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता, जब चुनाव को इन लोगों (राजद ने) ने मजाक बनाकर रख दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इनके लिए चुनाव का मतलब था- ‘‘चारों तरफ हिंसा, हत्याएं, बूथ कैप्चरिंग’’। मोदी ने कहा कि बिहार के गरीबों से इन लोगों ने वोट देने तक का अधिकार छीन रखा था और तब मतदान नहीं होता था, ‘मत छीन लिया जाता था, वोट की लूट’ होती थी, गरीब के हक की लूट होती थी। प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान बिहार में भारी संख्या में मतदान करने के लिये प्रदेश के लोगों की सराहना की और कहा कि लोकतंत्र की इतनी बड़ी ताकत, लोकतंत्र के प्रति हर बिहारवासी का इतना बड़ा समर्पण, ये पूरे विश्व के लिए एक भरोसा जगाने वाली घटना है।

प्रमुख खबरें

Braj की सीमा से बाहर न ले जाएं Govardhan शिला, Radha-Krishna की कृपा रुक जाएगी, जानें वजह

फ़र्ज़ी Forensic Report पर Raghav Chadha का वार, बोले- Bhagwant Mann दें CM पद से इस्तीफ़ा

मुजफ्फरनगर बंधुआ मजदूरी कांड की कहानी! मजदूर की यातना से मौत, शव को बैग में भरकर ठिकाने लगाया, मुक्त कराए गये 12 मजदूरों ने खोले राज

MVA की रणनीति बैठक से 23 MLAs नदारद, Uddhav Thackeray का तीखा सवाल: क्या हम सच में साथ हैं?