उप राष्ट्रपति नायडू और PM मोदी ने लालजी टंडन के निधन पर जताया शोक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 21, 2020

नयी दिल्ली। उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के मंगलवार को निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्हें समाज सेवा के अथक प्रयासों के लिए सदा याद किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी टंडन के निधन पर शोक जताया। टंडन (85) का लखनऊ के एक अस्पताल में मंगलवार सुबह निधन हो गया। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नायडू ने उन्हें ऐसा ‘‘जन नेता’’ बताया, जिन्होंने निचले तबके के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए। 

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनके निधन से दुखी हूं। इस शोकाकुल घड़ी में श्री टंडन के परिवार और शुभचिंतकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’ उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लालजी टंडन के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया और एक जनसेवक के रूप में भारतीय राजनीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। 

इसे भी पढ़ें: UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लालजी टंडन के निधन पर व्यक्त किया गहरा दु:ख 

शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री लालजी टंडन जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। टंडन जी का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा।’’ उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठन विस्तार में टंडन की भूमिका को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। शाह ने कहा उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक जनसेवक के रूप में श्री लालजी टंडन जी ने भारतीय राजनीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी