PM Modi का ऐतिहासिक Seychelles दौरा, National Assembly को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम बनेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान वह इस द्वीपीय देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे तथा संबंधों को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री ने यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बयान में कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर’ तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति भारत की साझा प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से होने वाली द्विपक्षीय वार्ता को लेकर उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत की सफल राजकीय यात्रा के आधार पर मैं हमारी स्थायी मित्रता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से होने वाली चर्चाओं को लेकर उत्सुक हूं। हम मिलकर अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाएंगे और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं समृद्धि को बढ़ावा देंगे।’’ यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले वह भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का प्रतीक है। मोदी ने कहा कि वह सेशेल्स में बसे जीवंत भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करने के लिए उत्सुक हैं, जिसने पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स के बीच विशेष मित्रता को मजबूत किया है तथा दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि मेरी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को मजबूत बनाएगी तथा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 2015 में सेशेल्स की यात्रा की थी। भारत और सेशेल्स के बीच साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा लोगों के बीच परस्पर संबंधों पर आधारित लंबे समय से घनिष्ठ साझेदारी रही है। अधिकारियों ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स का भारत के ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) तथा ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता में विशेष स्थान है। ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

प्रमुख खबरें

Banking Sector में UPI जैसा बदलाव लाएगा AI, कर्ज देने के पुराने तरीके बदलेंगे RBI Governor Sanjay Malhotra

Toronto Semifinal: Iga Swiatek ने श्नाइडर को रौंदा, स्वितोलिना से होगा पुरानी हार का हिसाब

FIFA World Cup की सफलता का हवाला देकर Donald Trump ने Infantino को बताया शानदार व्यक्तित्व

Myles Lewis-Skelly के लिए Arsenal छोड़ना होगा बड़ा मोड़, Manchester United और Chelsea की नजरें खिलाड़ी पर