By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की बदौलत देश पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पैदा हुए संकट का मजबूती से सामना कर सका। मोदी यहां नवीकरणीय ऊर्जा और पेट्रोलियम बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं सहित 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध ने यह रेखांकित किया है कि ऊर्जा सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत के लिए भी एक चुनौतीपूर्ण दौर रहा है। हालांकि, पिछले एक दशक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों ने हमें इस संकट का आत्मविश्वास के साथ सामना करने में मदद की है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उत्पादन क्षमता बढ़ाई है, कच्चे तेल के भंडारण की सुविधाएं विकसित की हैं; सौर, जल और पवन ऊर्जा का विस्तार किया है; रेलवे का लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर लिया है; और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कर्नाटक में जिन तीन परियोजनाओं की शुरुआत की गई हैं उनसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को भी नयी मजबूती मिलेगी।
मोदी ने कहा कि मंगलुरु में एलपीजी परियोजना से देश की एलपीजी भंडारण क्षमता में 80,000 मीट्रिक टन की वृद्धि होगी, और बेंगलुरु के डोडा दसराहल्ली स्थित देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन की आपूर्ति अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु में स्थापित संपीड़ित बायोगैस संयत्र (सीबीपी) से रोजाना करीब 13 टन बायोगैस का उत्पादन होगा और इससे कचरा प्रबंधन में सुधार के साथ-साथ प्राकृतिक गैस के आयात पर खर्च होने वाले पैसे की बचत करने में मदद मिलेगी। मोदी ने कहा कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता अब 300 गीगावाट के पार पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए, भारत अपनी परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता का भी विस्तार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत देश भर में 60 लाख से अधिक परिवारों ने अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं, जिनमें से 40,000 से अधिक परिवार कर्नाटक के हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर परिवार को लगभग 80,000 रुपये की सहायता दी है।
मोदी ने कहा कि इसी तरह, ‘पीएम-कुसुम’ योजना के तहत कर्नाटक में किसानों को आठ लाख से अधिक सौर पंप के जरिए सिंचाई की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं बिजली का खर्च कम कर रही हैं, और साथ ही आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिप से लेकर जहाजों तक, और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) डेटा सेंटर से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक उभरती हुई प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।
मोदी ने कहा कि 2014 में लिये गए ‘सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के तहत किये जा रहे प्रयासों से देश के मध्यम वर्ग का विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इससे बेंगलुरु के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बेंगलुरु की भारत की ‘सिलिकॉन वैली’ के तौर पर प्राप्त ख्याति है और देश के आईटी निर्यात में एक-तिहाई से अधिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर भारत के नवाचार और आर्थिक विकास का एक प्रमुख इंजन है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस दृष्टिकोण के साथ, केंद्र सरकार ‘नम्मा मेट्रो’ (बेंगलुरु मेट्रो का कन्नड नाम) के विस्तार में अपना सहयोग दे रही है। 2014 में, नम्मा मेट्रो का नेटवर्क केवल 17 किलोमीटर का था।
आज, इसका कुल नेटवर्क बढ़कर 100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। हम लगातार शतक लगा रहे हैं।’’ मोदी ने बेंगलुरु से मंगलुरु होते हुए मडगांव तक के लिए शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए मोदी ने कहा, ‘‘भारतीय रेलवे अब औपनिवेशिक दौर की पुरानी सोच को पीछे छोड़ रही है। देश की रेलवे एक नयी विरासत और परंपरा बना रही है।’’ उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों को बताया कि कर्नाटक को अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिल गई है।
प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि विकसित भारत के निर्माण में संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा दोनों ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आकांक्षाएं देश में नयी मांग पैदा कर रही हैं, यह नया मध्यम वर्ग भारत की अर्थव्यवस्था के विकास का एक प्रमुख इंजन बन रहा है। मोदी ने कहा, ‘‘ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक, और पर्यटन से लेकर सेवा क्षेत्र तक, नए उद्योग, कारखाने और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।’’ उन्होंने इस नए मध्यम वर्ग की एक बड़ी आबादी कर्नाटक और बेंगलुरु में रहती है और यह केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाई जाए, उनकी क्रय शक्ति को मजबूत किया जाए और उन्हें अपने परिवार के सपनों को पूरा करने में सक्षम बनाया जाए, ताकि वे देश की आर्थिक प्रगति में भी योगदान दे सकें। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने टीएसएस (स्रोत पर कर कटौती) के नियमों में बदलाव करके वरिष्ठ नागरिकों और किराये से आय पाने वालों को राहत दी है। उन्होंने दावा किया कि अगली पीढ़ी के जीएसटी (माल एवं सेवा कर) सुधारों के जरिए उनकी सरकार ने रोजमर्रा की चीजों को सस्ता किया है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक सरकार ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा से जीएसटी हटाकर,‘‘बीमा को और अधिक किफायती बनाया है’’। मोदी ने अपने कर्नाटक दौरे के दौरान कोप्पल-2 और गदग-2 में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने के लिए करीब 4450 करोड़ रुपये की पारेषण लाइन योजना और बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए 1370 करोड़ की पारेषण योजना का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, उन्होंने दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बेलारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को जोड़ने के लिए 3450 करोड़ रूपये की पारेषण योजना और दावणगेरे तथा बेलारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को जोड़ने के लिए पारेषण प्रणाली को मजबूत करने की 1,100 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी।