PM Modi का विपक्ष पर तंज: देश की तरक्की से नाराज रहने वाले सुनें भूपेन हजारिका के गीत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

संसद की अहम बैठक से ठीक एक दिन पहले, रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए उसे “नाराज फूफा” बताया और कहा कि जो लोग वैमनस्य के जरिये सत्ता हासिल करने का सपना देखते हैं और देश की उपलब्धियों से परेशान रहते हैं, उन्हें भूपेन हजारिका के गीत सुनने चाहिए, ताकि उन्हें सद्बुद्धि आ जाए। हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मोदी ने इस दिग्गज गायक को एक कट्टर राष्ट्रवादी और सच्चा देशभक्त बताया, जिन्होंने समाज को एकजुट करने के लिए अपने संगीत का इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सभी भारतीयों ने भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।

हमारी भाषाएं और जीवनशैली भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारा संकल्प एक है। लेकिन ऐसी बातें उन लोगों को पसंद नहीं आतीं, जो आपसी फूट के जरिये सत्ता हासिल करने का सपना देखते हैं, जो भारत को टुकड़ों में बंटा हुआ देखना चाहते हैं और जो देश की उपलब्धियों को देखकर भी किसी ‘नाराज फूफा’ की तरह मुंह फुलाए रहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं तो यही कहूंगा कि ऐसे ‘नाराज फूफा’ को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए। शायद इससे उन्हें सद्बुद्धि आ जाए।’’ मोदी की यह टिप्पणी, जिसमें उन्होंने किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने से पहले आई है।

इस विधेयक में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ा गया है। केंद्र के इस कदम का विपक्षी दलों ने विरोध किया है। प्रधानमंत्री ने इससे पहले पांच सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह में ‘नाराज फूफा’ शब्द का इस्तेमाल किया था।

उन्होंने यह बात उन लोगों पर निशाना साधते हुए कही थी, जो सरकारी पहल की जरूरत पर हमेशा सवाल उठाते रहते हैं। मोदी ने कहा कि हजारिका का मानना ​​था कि एक अच्छा भारतीय बनने के लिए, एक अच्छा असमिया होना भी जरूरी है। उन्होंने याद दिलाया कि 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान, इस गायक ने देश के युवाओं से आह्वान किया था कि वे राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने को तैयार रहें।

मोदी ने कहा, ‘‘अक्सर जब हम किसी के बारे में बात करते हैं, तो हम उनके नाम और उपलब्धियों की चर्चा करते हैं। लेकिन कुछ लोग इनसे कहीं बढ़कर होते हैं। भूपेन दा ऐसे ही लोगों में से एक थे।

भूपेन दा ने सुरों में जान फूंक दी। उन्होंने समाज को एकजुट करने के लिए गीत लिखे। मेरा मानना ​​है कि भूपेन दा ने केवल गीत ही नहीं लिखे, बल्कि एक पूरे युग को लिखा।

भारत की विरासत के प्रति उनका समर्पण अद्वितीय था।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘अगर एक इंसान दूसरे इंसान के दर्द के बारे में नहीं सोचेगा, तो फिर कौन सोचेगा? सोचिए, यह कितना सरल सवाल है, लेकिन इसका संदेश कितना गहरा है। मोदी ने कहा, ‘‘जब हम अपनी नीतियों के केंद्र में मानवतावाद को रखते हैं, तो समाज का निर्माण होता है और आपसी संबंध बनते हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास किए हैं कि पूर्वोत्तर का हर परिवार सद्भावना और सौहार्द के साथ आगे बढ़े।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में असम में कई लोगों ने हिंसा का रास्ता त्याग दिया है और विकास तथा मानवता का मार्ग अपना लिया है। मोदी ने कहा कि आठ पूर्वोत्तर राज्यों में सरकार की विकास पहल हजारिका के विचारों से प्रेरित हैं। असम सरकार की ओर से हजारिका की याद में एक पुरस्कार शुरू किए जाने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इसे सबसे पहले प्राप्त करने वाली दिग्गज गायिका उषा मंगेशकर असम के लोगों की कई पीढ़ियों के संगीत सफर का हिस्सा रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उषा दीदी को सम्मानित करना भूपेन दा की विरासत को सम्मानित करना है। असम के लोगों की कई पीढ़ियां भूपेन दा और उषा दीदी को सुनते हुए बड़ी हुई हैं। मुझे यकीन है कि लता (मंगेशकर) और आशा (भोसले), जहां कहीं भी होंगी, हमें अपना आशीर्वाद दे रही होंगी।’’ मोदी ने याद किया कि जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उषा मंगेशकर उनके पैतृक गांव गई थीं; यह यात्रा उनकी ओर से शुरू किए गए एक संगीत पुरस्कार के सिलसिले में थी।

प्रमुख खबरें

कर्नाटक में पन्ना के 21 मजदूर बंधक, पुलिस ने दर्ज की शिकायत

Switzerland में हथियारों के निर्यात नियमों में ढील को मंजूरी, 55 फीसदी मतदाताओं ने दिया समर्थन

देहरादून में STF और पुलिस की कार्रवाई, 800 पैकेट नकली Gold Flake सिगरेट संग आरोपी धरा

Women Reservation Bill पर 371 सांसदों के समर्थन का दावा, केंद्र सरकार आश्वस्त