By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026
(फाइल फोटो के साथ) भुवनेश्वर, 25 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोदी के भारतीय वायुसेना के एक विशेष विमान से शाम करीब 4:10 बजे यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और लगभग 2,100 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर आरबीआई के डेटा सेंटर को हवाई अड्डे से जोड़ने वाले मार्ग पर शाम 5.40 बजे से 6.40 बजे तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह डेटा सेंटर ओडिशा की विकास यात्रा को गति देगा।
उन्होंने शनिवार को किए गए इस पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ओडिशा दौरा और आरबीआई के अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन, न केवल राज्य के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा बल्कि देश के वित्तीय डेटा की सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था के विकास को भी नयी गति देगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2024 में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह प्रधानमंत्री का ओडिशा का नौवां दौरा होगा।’’ माझी ने कहा कि जटनी में आरबीआई का डेटा सेंटर नवी मुंबई के बाद इस तरह का दूसरा केंद्र होगा। अधिकारियों ने बताया कि इन सुविधाओं को बैंक की कंप्यूटिंग संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है। इनका उद्देश्य बैंक और व्यापक वित्तीय क्षेत्र के लिए एक सुरक्षित, मजबूत, विस्तार योग्य और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कंप्यूटिंग व्यवस्था प्रदान करना है।
सरकार ने एक बयान में कहा कि इस डेटा सेंटर में भुगतान और निपटान से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रणालियों के साथ-साथ अन्य प्रमुख सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। सरकार के अनुसार, यह डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच, कार्यक्षमता और विश्वसनीयता को बढ़ाने में योगदान देगा। साथ ही, यह एक ऐसा सुरक्षित डिजिटल आधार तैयार करेगा जिस पर भारत की प्रौद्योगिकी-आधारित वित्तीय अर्थव्यवस्था और अधिक विकसित हो सकेगी।
इसी तरह, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान साइबर सुरक्षा और उद्यमों में इस्तेमाल होने वाली प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा पूरे क्षेत्र में क्षमता विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत मंच उपलब्ध कराएगा। आरबीआई के इस केंद्र का परिसर 18.55 एकड़ में फैला है। इसकी आधारशिला तत्कालीन आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने 22 मार्च 2023 को रखी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि इन्फो वैली-दो में इस स्थल का चयन भौगोलिक स्थिरता को ध्यान में रखकर किया गया। यह भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के उच्च जोखिम वाले इलाकों से दूर है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं और भू-राजनीतिक जोखिमों का खतरा कम हो जाता है। प्रधानमंत्री ने करीब चार महीने पहले ओडिशा का दौरा किया था।
उस दौरान उन्होंने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।