PM Modi रविवार को Odisha में RBI के 169 करोड़ रुपये के Data Center का करेंगे उद्घाटन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को ओडिशा का दौरा करेंगे और भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने डेटा सेंटर तथा साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम के अनुसार, मोदी भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से शाम लगभग 4:10 बजे यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा की विकास यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी का ओडिशा दौरा और आरबीआई के अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन न केवल राज्य के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि देश के वित्तीय डेटा की सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था के विकास को भी नयी गति देगा।’’ माझी ने कहा कि आरबीआई के डेटा सेंटर की सफलता का आकलन डिजिटल बुनियादी ढांचे, वित्तीय डेटा की सुरक्षा और जनहित पर इसके दीर्घकालिक प्रभाव के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘2024 में राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री का ओडिशा का यह नौवां दौरा होगा।’’ माझी ने बताया कि नवी मुंबई के बाद, जटनी में बना आरबीआई का यह इस तरह का दूसरा डेटा सेंटर होगा।

प्रधानमंत्री इससे पहले चार महीने पूर्व राज्य के दौरे पर आए थे और माझी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अधिकारियों ने कहा कि डेटा सेंटर और प्रशिक्षण संस्थान भारत की वित्तीय प्रणाली के तकनीकी आधार को मजबूत करेंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया कि इसी तरह, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान क्षमता निर्माण को बढ़ावा देगा और साइबर सुरक्षा एवं उद्यम प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा पूरे क्षेत्र में क्षमता विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत मंच उपलब्ध कराएगा।

इस बीच, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर राज्य पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

प्रमुख खबरें

France में महंगाई और शिक्षा के मुद्दे पर बड़ा मार्च, पेरिस में पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

Rajasthan में Shekhawati के समग्र विकास और हवेलियों के संरक्षण पर सरकार का जोर: CM Bhajanlal Sharma

Rajasthan Panchayat Election: 16 जिलों में पहले चरण का मतदान खत्म, 80.09 फीसदी वोटिंग

CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन लाएगा जन महाभियोग, 30 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट