By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 20, 2021
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 20 थाने की पुलिस ने हरौला गांव में रहने वाली एक किशोरी के साथ कथित रूप से बलात्कार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। सेक्टर 20के प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान ने बताया कि हरौला गांव में रहने वाली एक किशोरी के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले नूर आलम नामक युवक ने 12 मार्च को कथित रूप से बलात्कार किया था। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट 18 मार्च को पीड़िता के परिजनों ने थाना सेक्टर 20 में दर्ज कराया था।
पुलिस ने बताया कि इस बीच, थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर 76 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला की सोशल मीडिया पर उनके नाम से नकली प्रोफाइल बनाकर महिला की अश्लील फोटो डालने का मामला सामने आया है और पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-49थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाली एक 15 वर्षीय छात्रा कल से लापता है और उसके परिजनों ने मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र से लापता युवक का शव थाना जारचा क्षेत्र के एक नहर में शुक्रवार शाम मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहान दानिश (30) के रूप में की गयी है।