Ambedkar Nagar LokSabha Seat: मायावती का प्रचार के लिये अम्बेडकरनगर नहीं आने के सियासी मायने

By अजय कुमार | May 23, 2024

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अवध और पूर्वांचल के मुहाने पर अम्बेडकरनगर जिला पड़ता है। यह लोकसभा क्षेत्र अयोध्या से सटा हुआ है। जिले का निर्माण ही अयोध्या जिले का बंटवारा करके हुआ था। अम्बेडकर नगर को जिले का रूतबा मायावती की सरकार में हासिल हुआ था। यहां से मायावती सांसद भी रह चुकी है। सरयू नदी से सटे अम्बेडकरनगर की पहचान पूर्वांचल के गांधी के रूप में मशहूर जयराम वर्मा और समाजवाद के पुरोधा डॉ राम मनोहर लोहिया की जन्मस्थली के रूप में भी है। उत्तर प्रदेश की अम्बेडकर नगर लोकसभा सीट पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। प्रचार के लिए सभी दलों के नेता यहां ताल ठोक रहे हैं, लेकिन चर्चा बसपा सुप्रीमों मायावती की गैर-मौजूदगी की अधिक हो रही है।

इसे भी पढ़ें: Sultanpur LokSabha Seat: पार्टी से नाराज वरूण गांधी ने मॉ मेनका के लिये की नुक्कड़ सभाएं

पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से सपा और बसपा के सयुंक्त उम्मीदवार रितेश पांडे को जीत मिली थी। इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रितेश पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है,जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। यहां की राजनीति बसपा के इर्द गिर्द घूमती आई है। वर्ष 1995 में बसपा प्रमुख मायावती ने ही मुख्यमंत्री के तौर पर अंबेडकरनगर नाम से नए जनपद की सौगात दी थी। बसपा उसके बाद लोकसभा और विधानसभा चुनावों में धमाकेदार प्रदर्शन करती रही। मायावती खुद यहां के चुनाव प्रचार की कमान पूरी मजबूती से संभालती रहीं। शुरुआती दौर में तो यहां दो-दो रैली और जनसभा भी होती थी। इस बार भी उम्मीद थी कि वह अंबेडकरनगर में जोरदार प्रचार करेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

  

इस चुनाव में बसपा के लिए काफी कुछ बदल गया है। पिछले पांच वर्ष में पार्टी के कई बड़े नेता सपा और भाजपा में जा चुके हैं। यहां टिकट को लेकर खींचतान भी मची रही। प्रचार के नाम पर राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाए जाने के पहले मायावती के भतीजे आकाश आनंद ही यहां एक रैली कर सके। पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्र तक का दौरा यहां नहीं लगा।

इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रितेश पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है। बसपा से जीतने वाले रितेश इस बार पाला बदलकर बीजेपी से मैदान में हैं। सपा ने लालजी वर्मा को अपना उम्मीदवार बना कर पिछड़ों की राजनीति साधने का प्रयास किया। इस बार सपा ने पूरे चुनाव को ही अगड़ा बनाम पिछड़ा कर दिया है। बसपा इस बार चुनाव में निष्क्रिय है और एक ऐसे मुस्लिम चेहरे को अपना उम्मीदवार बनाया है जो एक दम अनजान है। जिले में इस बार लोकसभा चुनाव काफी रोचक होने की उम्मीद है।

अम्बेडकरनगर लोकसभा सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इसमें अम्बेडकरनगर की चार विधानसभा सीट जलालपुर, अकबरपुर, टांडा और कटेहरी शामिल है, जबकि अयोध्या जिले की एक सीट गोसाईगंज शामिल है। अम्बेडकरनगर में 26444 युवा पहली बार मतदान करेंगे। अम्बेडकरनगर में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 52 हजार 627 है। जिसमें 9 लाख 64 हजार 663 पुरुष और 8 लाख 87 हजार 946 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है।

जातिगत समीकरणों की बात करें तो अम्बेडकरनगर लोकसभा सीट पर दलित और मुस्लिम वोटों की अधिकता है। इस लोकसभा सीट पर तकरीबन 3 लाख से अधिक दलित और लगभग इतने ही मुस्लिम मतदाता हैं। इस सीट पर कुर्मी मतदाताओं की भी अधिकता है। कुर्मी मतदाताओं की संख्या लगभग 2 लाख है। इस सीट पर तकरीबन 1 लाख ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या है। इस सीट पर ठाकुर मतदाताओं की संख्या लगभग एक लाख है।

प्रमुख खबरें

कावेरी पर Congress में तूफान: Mekedatu पर दो राज्यों के बीच उलझी पार्टी, राष्ट्रीय एकता पर सवाल

Modi 10 June को रचने जा रहे हैं सबसे बड़ा इतिहास, भारतीय लोकतंत्र के नये रिकॉर्ड को देखकर दुनिया कह उठेगी वाह

दोस्त हो तो Russia जैसा हो, India को सौंपी S-400 की 4th Squadron, आसमान में अभेद्य रक्षा कवच तैयार, दुश्मन मिसाइलें हवा में होंगी तबाह

Netflix पर रिलीज हुई Maa Behen, माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी की जुगलबंदी ने मचाया धमाल