Jamui छेड़छाड़ मामले में NDA और विपक्ष के बीच तेज हुई जुबानी जंग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 23, 2026

बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है, क्योंकि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने जहां इस घटना की निंदा करते हुए कानून के तहत कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं विपक्ष ने इसे महिलाओं की सुरक्षा में सरकार की विफलता और लचर कानून-व्यवस्था की संज्ञा दी है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना को दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बुधवार को कहा कि राज्य को नकारात्मक मानसिकता वाले लोगों से बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण समाज में सद्भाव और भाईचारे को बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और पीड़िता तथा उसके परिवार के साथ पूरा समाज खड़ा है। पार्टी सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि पुलिस ने घटना का तत्काल संज्ञान लेकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह लालू प्रसाद यादव का राज नहीं, बल्कि सम्राट चौधरी का राज है।

हर अन्याय के खिलाफ कानून अपना काम करेगा और दोषियों को सजा मिलेगी।’’ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के उस बयान पर नया विवाद खड़ा हो गया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि एक खास जाति के लोगों ने सरकार को बदनाम करने की नीयत से घटना का वीडियो वायरल किया।

उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा था। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मांझी के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि यादव होना अपराध है तो विभिन्न दलों और सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे यादव नेताओं पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

पप्पू यादव ने भूपेंद्र यादव, नित्यानंद राय, अन्नपूर्णा देवी, मोहन यादव, विजेंद्र यादव और रामकृपाल यादव समेत कई नेताओं का उल्लेख करते हुए संपूर्ण यादव समाज को निशाना बनाए जाने पर आपत्ति जताई। उधर, बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कुमारी सोनी ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि यह महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर सरकार की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की, ताकि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रमुख खबरें

अगर वोट चोरी हुए, तो हम कैसे हारे? BJP ने बंगाल की किन सीटों का ज़िक्र कर दिया विपक्ष को जोरदार जवाब

को-स्टार संग बप्पा के दर पर पहुंचे Govind, इधर बहू Kashmera Shah ने सुनाई खरी-खोटी और पत्नी ने कह दिया धोखेबाज

घर छोड़ने पर तलाक के बाद भी महिला Maintenance की हकदार : Allahabad High Court

युद्ध पर लंबी-चौड़ी फेंक रहे थे ट्रंप, UN में ईरान ने कर दिया बेइज्जत