Ajit Pawar की मौत पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है, त्रासदी को अलग रंग देने से बचें: Shinde

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 29, 2026

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल सहयोगी अजित पवार की मौत पर राजनीति की निंदा की और कहा कि विमान दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ठाणे में पत्रकारों से बात करते हुए, शिवसेना प्रमुख शिंदे ने कहा कि पवार के निधन से उन्होंने अपने बड़े भाई को खो दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, यह एक बेहद दुखद घटना है... महाराष्ट्र के लिए बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। विमान दुर्घटना की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घातक दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जाएगी।

एयरलाइन कंपनी, संबंधित एजेंसियों, तकनीकी विशेषज्ञों, कप्तान या संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। बारामती का दौरा करने के बाद शिंदे ने कहा, हालांकि, इस जांच के नाम पर राजनीति करना या साजिश के आरोप लगाना उचित नहीं है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पवार की मौत मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि अन्य सभी एजेंसियां पूरी तरह से मिलीभगत कर चुकी हैं। बनर्जी ने कहा कि मौजूदा तंत्रों के माध्यम से सच्चाई सामने नहीं आएगी, केवल उच्चतम न्यायालय की निगरानी में की गई जांच ही विश्वसनीय होगी।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें सिर्फ उच्चतम न्यायालय पर भरोसा है। बाकी सभी एजेंसियां ​​पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुकी हैं।’’ शिंदे ने बताया कि राकांपा (शप) अध्यक्ष और अजित पवार के चाचा शरद पवार ने भी स्पष्ट रूप से कहा है कि यह किसी साजिश का मामला नहीं, बल्कि दुर्घटना है। इसलिए, किसी को भी इस संवेदनशील घटना के बारे में अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए या इसे अलग रंग नहीं देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह क्षति केवल पवार परिवार की नहीं, बल्कि पूरे राज्य की है। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने बड़े भाई को खो दिया हो।’’ उन्होंने कहा कि यह पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़े होने का समय है। शिंदे ने कहा कि पवार का मन साफ था और वह साफगोई से बात रखने वाले निडर नेता थे जिनकी प्रशासन पर अच्छी पकड़ थी।

प्रमुख खबरें

Maha Navami पर मां सिद्धिदात्री को लगाएं सफेद तिल का भोग, मंत्र जाप के साथ करें हवन अनुष्ठान

Tiger Shroff पर जानलेवा हमले के बाद मुश्किल घड़ी में दोस्त का साथ, देर रात अभिनेता के घर मिलने पहुंचीं Disha Patani

Meghalaya में GIS और सैटेलाइट से 3.4 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य बंजर जमीन की हुई पहचान

Shardiya Navratri की महाष्टमी पर Maa Mahagauri की पूजा और Kanya Pujan का विशेष विधान