लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी, पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 11, 2019

नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों और चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। नागालैंड संसदीय क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 21% मतदान हुआ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के डिफेंस कॉलोनी में मतदान केंद्र संख्या 124 पर अपना वोट डाला। तेलंगाना राष्ट्र समिति के कविता ने निज़ामाबाद संसदीय क्षेत्र के पोथांगल में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। जम्मू और कश्मीर में भी पोलिंग बूथ पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हल्द्वानी के देवलचौर में मतदान किया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार ने अमरावती में वोट डाला।

दोपहर एक बजे तक उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 38.78 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों के लिए गुरुवार दोपहर एक बजे तक करीब 38 . 78 फीसदी मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। दोपहर एक बजे तक 38 . 78 फीसदी मतदान हुआ है। दोपहर एक बजे तक 41.60 प्रतिशत मतदान सहारनपुर में हुआ जबकि गाजियाबाद में 33.20 प्रतिशत,मुजफ्फरनगर में 37.60 प्रतिशत, बिजनौर में 40 . 80 प्रतिशत, कैराना में 39 . 80 प्रतिशत, मेरठ में 40 . 60 प्रतिशत, गौतमबुद्ध नगर में 38 . 60 प्रतिशत तथा बागपत में 38 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

मतदान के दौरान तेदेपा, वाईएसआरसी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

आंध्र प्रदेश में गुरुवार को कई जगह मतदान शुरू होने के बाद तेलुगू देशम पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। वहीं कई जगह ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी भी हुई। लोकसभा की 25 एवं विधानसभा की 175 सीटों पर चुनाव सुबह सात बजे शुरू हुआ था। गुंतकल से पूर्व विधायक और जन सेना पार्टी के उम्मीदवार मधुसूदन गुप्ता ने मतपत्र इकाई पर पार्टी चिन्ह के सही से छपे ना होने का आरोप लगाते हुए गुस्से में ईवीएम तोड़ दिया। वह ड्यूटी पर तैनात चुनाव कर्मियों पर भी चिल्लाए।

 

ओडिशा में सुबह 10 बजे तक 15 प्रतिशत मतदान

ओडिशा में पहले चरण के मतदान के तहत गुरुवार को चार लोकसभा सीटों और 28 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। सुबह 10 बजे तक लगभग 15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। कोरापुट, कालाहांडी, नवरंगपुर और ब्रह्ममपुर लोकसभा क्षेत्रों और 28 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।

 

मिजोरम में 17.20 प्रतिशत मतदान

मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट आईजोल पश्चिम-1 पर हो रहे उपचुनाव में शुरूआती दो घंटे में बृहस्पतिवार को 17.20 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कई जगहों पर मतदान केंद्रों पर उत्साही मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे।

 

बारामूला सीट पर दो घंटे में 6.5 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में, बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर की बारामूला लोकसभा सीट पर शुरूआती दो घंटे में कुल 13.12 लाख मतदाताओं में से करीब 6.5 फीसदी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। उत्तरी कश्मीर की बारामूला संसदीय सीट में तीन जिले और 15 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

 

उल्लेखनीय है कि 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार शाम चुनाव प्रचार थम गया था। पहले चरण में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। कुछ सीटों पर शाम चार बजे तक, कुछ पर पांच बजे तक और कुछ जगह शाम छह बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान खत्म होने के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। ज्ञात हो कि 17वीं लोकसभा के गठन के लिये 543 सीटों के लिये सात चरण में 11 अप्रैल से 19 मई तक मतदान होना है। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर,मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई), असम की पांच, महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की दो सीटों के लिए मतदान हो रहा है।

 

प्रमुख खबरें

सिर्फ अपने बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ रहे हैं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस : PM Modi

‘INDIA’ गठबंधन के साझेदारों में मतभेद से पूरे बंगाल में देखने को मिल रहा है त्रिकोणीय मुकाबला

Apple वॉच ने दिल्ली की महिला की बचाई जान, सटीक और उन्नत सुविधाओं के लिए टिम कुक को धन्यवाद दिया, CEO ने दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस संगठन के असहयोग और अविश्वास के कारण नामांकन वापस लिया : Akshay Kanti Bam