By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 26, 2022
कीव, (एपी) रूस के सैनिकों ने शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर धावा बोल दिया और शहर में कई जगह विस्फोटों की आवाज सुनाई दीं। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने देश छोड़ने से इनकार कर दिया है और अपने देशवासियों से मजबूती के साथ डटे रहने की अपील की है। जेलेंस्की ने कहा कि लड़ाई अभी जारी है और यह यूक्रेन का भविष्य निर्धारित करेगी। जेलेंस्की को अमेरिकी सरकार ने राजधानी कीव से निकलने को कहा था, लेकिन जेलेंस्की ने इससे इनकार कर दिया। इस लड़ाई में अब तक सैकड़ों लोगों की मौत होनेकी सूचना मिली है। रूसी सेना की ओर से राजधानी कीव में किए गए हमलों में अपार्टमेंट की इमारत और पुलों और स्कूलों को भारी क्षति हुई है। इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि रूस यूक्रेन की मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने (अपदस्थ करना) की कोशिश कर सकता है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यूक्रेन की मौजूदा सरकार को हटाना ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का उद्देश्य है।