प्रियंक ने वीडियो से छेड़छाड़ मामले में भाजपा अध्यक्ष नड्डा, मालवीय के खिलाफ शिकायत दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 20, 2023

कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियंक खरगे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषण के वीडियो से कथित छेड़छाड़ के मामले में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण सूद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। खरगे ने राहुल गांधी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण पोस्ट साझा करने का भी आरोप लगाया है। खरगे ने यहां हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि तीनों भाजपा नेता समाज में नफरत फैला रहे हैं।

मंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘अमित मालवीय द्वारा साझा किए गए वीडियो में, राहुल गांधी को एक दुर्भावनापूर्ण और झूठे एनिमेटेड वीडियो में निशाना बनाया गया है, जिसका नड्डा और अरुण सूद जैसे भाजपा के प्रमुख नेताओं ने समर्थन किया है।’’उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह वीडियो 17 जून, 2023 को मालवीय के ट्विटर हैंडल पर न केवल (राहुल) गांधी और कांग्रेस की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के स्पष्ट और दुर्भावनापूर्ण इरादे से प्रसारित किया गया था, बल्कि यह सांप्रदायिक कलह को भड़काने तथा कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के व्यक्तित्व को गलत तरीके से पेश करने का भी प्रयास था।’’ खरगे ने आरोप लगाया कि वीडियो कांग्रेस और उसके नेताओं को ‘‘राष्ट्र-विरोधी तत्वों’’ के रूप में पेश करता है। मंत्री ने अपनी शिकायत में कहा कि वीडियो में राहुल गांधी के भाषणों को छेड़छाड़ करके पेश किया गया है।

प्रियंक खरगे ने कहा कि वीडियो का एक चिंताजनक पहलू, इस्लामी आस्था के लोगों के साथ राहुल गांधी की बातचीत को एनिमेशन के जरिये गलत तरह से पेश करना भी है।उन्होंने दावा किया, ‘‘अपमानजनक चित्रण निस्संदेह विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच नफरत पैदा करेगा और सांप्रदायिक वैमनस्य को बढ़ावा देगा।’’ जिस वीडियो पर सवाल खड़ा किया गया है, उसे मालवीय ने 17 जून को अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया था। मालवीय ने उसी वीडियो को अगले दिन हिंदी उपशीर्षक ‘‘राहुल गांधी विदेशी ताक़तों का मोहरा?’’ के साथ दोबारा साझा किया था।

प्रमुख खबरें

National Book Trust पर सरकार का गहरा नियंत्रण, Supreme Court ने माना ‘राज्य’

Haryana में ग्रामीण चौकीदारों को CM Nayab Saini का तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ 15221 रुपये

Manipur Police ने शुरू की हत्याओं की जांच, सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमें तैनात

Aryaveer Sehwag और Lakshya की नाबाद फिफ्टी, U19 Asia Cup में जीता India