By Renu Tiwari | Aug 26, 2025
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाद्रा मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ बिहार के सुपौल में जारी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं। वाद्रा और गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के अन्य प्रतिनिधियों के साथ एक एसयूवी में बैठे देखे गए। वाहन धीमी गति से चल रहा था और नेता हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन करते दिखे। एक दिन के विराम के बाद मंगलवार को यात्रा फिर से शुरू हुई।
उन्होंने कहा था, ‘‘मैं इसे ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटकों के बीच एक अच्छी साझेदारी कहता हूं।’’ केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गांधी ने आरोप लगाया था कि राज्य में मतदाता सूचियों का जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद के लिए वोट चुराने का निर्वाचन आयोग का एक संस्थागत प्रयास’’ है। गांधी ने बिहार में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों द्वारा समर्थित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू की है।
सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई 16 दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यह यात्रा अब तक गयाजी, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुजर चुकी है। इसके बाद, यह मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुजरेगी।