प्रियंका गांधी ने सरकारी आवास से जुड़ी खबर को बताया फर्जी, बोलीं- एक अगस्त तक कर दूंगी खाली

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 14, 2020

नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि वह नयी दिल्ली के लोधी एस्टेट इलाके में स्थित अपना सरकारी बंगला एक अगस्त तक खाली कर देंगी। उन्होंने उस खबर को ‘फर्जी’ करार दिया जिसमें दावा किया गया था कि प्रियंका के आग्रह पर सरकार ने उन्हें इस अवास में कुछ और समय तक रहने की अनुमति दे दी है। प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘यह फर्जी खबर है। मैंने सरकार से कोई आग्रह नहीं किया है। आवास खाली करने के लिए एक जुलाई को मिले पत्र के अनुसार, मैं एक अगस्त तक सरकारी आवास 35 लोधी एस्टेट को खाली कर दूंगी।’’ 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका ने UP का ग्राफ साझा कर योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- असफलता छुपाने के लिए खिलवाड़ जारी है 

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी होने की वजह से अब ज्यादा समय राज्य में बिताएंगी और लखनऊ में गोखले मार्ग स्थिति शीला कौल के आवास में रहेंगी। यह मकान खाली पड़ा है और फिलहाल इसकी मरम्मत और रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। शीला कौल देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की भाभी थीं। वह केंद्रीय मंत्री औेर राज्यपाल भी रहीं। साल 2015 में उनका निधन हो गया था। 

इसे भी पढ़ें: विकास दुबे एनकाउंटर पर प्रियंका ने उठाए सवाल, कहा- अपराध को संरक्षण देने वाले लोगों का क्या? 

गौरतलब है कि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रियंका से नयी दिल्ली स्थित सरकारी बंगला एक अगस्त तक खाली करने को कहा है। उसकी ओर से जारी आदेश में कहा गया कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्हें मौजूदा आवास ‘35 लोधी एस्टेट’ खाली करना पड़ेगा क्योंकि जेड प्लस की श्रेणी वाली सुरक्षा में आवास सुविधा नहीं मिलती। सरकार ने पिछले साल नवंबर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी तथा उन्हें जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी थी।

प्रमुख खबरें

Allahabad उच्च न्यायालय ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को दी जमानत

Odisha में भीषण गर्मी का प्रकोप, Bhubaneswar में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Congress ने आचार संहिता के उल्लंघन पर Anurag Thakur के खिलाफ निर्वाचन आयोग से की शिकायत

हम जीवित हैं क्योंकि Modi ने हमारे लिए कोविड-19 के टीके की उपलब्धता सुनिश्चित की : Fadnavis