By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 04, 2021
नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि ब्लैक फंगस (म्यूकर माइकोसिस) के उपचार को ‘आयुष्मान भारत’ स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कवर किया जाए और इस जानलेवा बीमारी के मरीजों के लिए जरूरी इंजेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह सवाल भी किया कि अब ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या आधिकारिक रूप से क्यों नहीं बताई जा रही है? प्रधानमंत्री से की गई एक अपील में उन्होंने कहा, ‘‘ब्लैक फंगस के मामले तेजी से बढ़े हैं। इस गम्भीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाला लाइपोसोमाल एम्फोटेरिसिन बी इंजेक्शन नहीं मिल रहा है। अभी दिल्ली में सेना के दो अस्पतालों में भर्ती सैनिकों को ब्लैक फंगस के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इस इंजेक्शन की कमी की खबर आई थी।’’