By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
पटियाला, एक नवंबर पंजाब के पटियाला जिले की समाना सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। यह घटनाक्रम ‘आप’ द्वारा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी किये जाने के एक दिन बाद सामने आया। हालांकि, पार्टी ने अभी तक समाना और सनौर दोनों में से किसी भी सीट के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।
सनौर से विधायक पठानमाजरा ने इससे पहले अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए थे। पिछले साल जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर पठानमाजरा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। महिला ने आरोप लगाया था कि उन्होंने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में 2021 में उससे शादी कर ली जबकि उस समय वह पहले से विवाहित थे।
इस साल मार्च में पंजाब पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में पठानमाजरा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने इस साल मई में इस मामले में पठानमाजरा को नियमित जमानत दे दी थी।