Prabhasakshi Newsroom। क्या कांग्रेस छोड़ेंगे मनीष तिवारी ? बोले- हम पार्टी में किरायेदार थोड़ी हैं

By अनुराग गुप्ता | Feb 17, 2022

लुधियाना। पंजाब में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया और अब ऐसी अफवाह उड़ रही है कि पार्टी से नाराज चल रहे आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी भी Tata, Bye-Bye कह सकते हैं। दरअसल, कई मोर्चों पर मनीष तिवारी पार्टी आलाकमान के फैसलों से नाराज देखे गए हैं। पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सूबे में हुई पहली चुनावी यात्रा के दौरान भी मनीष तिवारी समेत 5 सांसदों ने दूरियां बनाई हुई थीं। हालांकि बाद में निकलकर आया कि किसी ने भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया था। 

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अफवाह को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मैंने कई बार पहले भी यह बात कही है कि हम कांग्रेस पार्टी में किरायेदार थोड़ी हैं, हम हिस्सेदार हैं। कोई धक्का देकर निकालेगा तो यह अलग बात है। लेकिन जहां तक हमारा सवाल है हमने 40 साल अपनी जिन्दगी के इस पार्टी को दिए हैं, हमारे परिवार ने इस देश की एकता और अखंडता के लिए खून बहाया है। हम विचारात्मक सियासत में विश्वास रखते हैं लेकिन कोई धक्के देकर निकालना चाहे तो दूसरी बात है।

कांग्रेस की आंतरिक कलह फिर आई सामने

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार के कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे देने पर पंजाब के नेताओं समेत जी-23 समूह ने चिंता जाहिर की। मनीष तिवारी ने कहा था कि वह अच्छे व्यक्ति हैं, एक अच्छे वकील हैं जो बेहतरीन जिरह करते हैं। उन्होंने अपने इस्तीफे में जो कुछ भी कहा है उसमें कुछ-न-कुछ सच्चाई होगी। जी-23 समूह ने भी साल 2020 में इन चिंताओं को आलाकमान के समक्ष उठाया था।

वहीं मनीष तिवारी ने पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पंजाब में हिंदू-सिख का मुद्दा उठा रहे हैं वो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के हाथ में खेल रहे हैं। पंजाब के लोगों ने समुदाय आधारित राजनीति को कभी पसंद नहीं किया और वे पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत में विश्वास करते हैं। कुछ वक्त पहले मनीष तिवारी ने एक बात और कही थी। उन्होंने कहा था कि अगर पंजाब में हिंदू-सिख का मुद्दा होता तो मैं आनंदपुर साहिब से सांसद नहीं होता। सूबे के लोगों के लिए कभी यह मुद्दा नहीं रहा है। 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका ने पगड़ी को लेकर AAP और BJP पर साधा था निशाना, मनीष तिवारी बोले- इस पर नहीं होनी चाहिए राजनीति 

कांग्रेस को करना चाहिए आत्मनिरीक्षण

जी-23 समूह का मानना है कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पार्टी से लगातार नेताओं का बाहर निकलना गंभीर चिंता का विषय है। मुझे लगता है, अश्विनी कुमार चौथे या फिर पांचवें पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं, जिन्होंने देशभर में विभिन्न स्तरों पर बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा पार्टी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि इससे बाहर निकलने के लिए कांग्रेस को बहुत आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है। यह कहना ठीक नहीं है कि ये नेता किसी व्यक्ति या (किसी) पार्टी के इशारे पर जा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Oil and Gas क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा भारत, Samudra Manthan योजना से घटेगी Import Dependence

ITC Q1 Results: आय में 28% का उछाल लेकिन Net Profit में 27% की भारी गिरावट, Cigarette Tax बना बड़ी वजह

रुपये की जबरदस्त रिकवरी: RBI Support और FPI Investment से लगातार छठे दिन Dollar के मुकाबले बढ़ी भारतीय मुद्रा

Bajaj Finance Q1 Results: रिकॉर्ड मुनाफे के साथ Share Price ने छुआ नया शिखर, निवेशकों की हुई चांदी