By अनुराग गुप्ता | Mar 10, 2022
जालंधर। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिसके बाद कांग्रेस को रिप्लेस कर पार्टी के राष्ट्रीय विकल्प पर चर्चा छिड़ गई है। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि कोई पार्टी एक या दो राज्यों में आती है तो उसको विकल्प के तौर पर नहीं देखा जा सकता। इनके पास 2 राज्य आए हैं इसका मतलब यह नहीं कि वह कोई राष्ट्रीय विकल्प के रूप में खड़े हो गए हैं।
केजरीवाल ने जताया आभार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया। पंजाब में यह बहुत बड़ा इंकलाब है। पंजाब में बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं। सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए। यह बहुत बड़ा इंकलाब है।
जबकि आम आदमी पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि हम 'आम आदमी' हैं और जब 'आम आदमी' उठता है तो सबसे शक्तिशाली सिंहासन हिलते हैं। आज भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है सिर्फ इसलिए नहीं कि आम आदमी पार्टी एक और राज्य जीत रही है, बल्कि इसलिए कि यह एक राष्ट्रीय ताकत बन गई है। आम आदमी पार्टी कांग्रेस का स्थान लेगी।