दलेर मेंहदी विवाद पर बोले CM पुष्कर सिंह धामी, दोनों भाइयों से करेंगे बात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026

उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेंहदी के साथ मंच पर हुए कथित अपमानजनक व्यवहार प्रकरण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इस मामले में उनसे तथा उनके भाई मीका सिंह से बात करेंगे। यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल पर उस समय जनता का दवाब रहा होगा। उन्होंने कहा कि हालांकि वह स्वयं यह बात कह चुके हैं कि उन्हें दलेर मेंहदी का स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी नहीं थी।

दलेर मेंहदी जी से भी बात करूंगा। मेरी दोनों से मित्रता है।’’ टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में 18 अक्टूबर की रात को आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में मेंहदी की प्रस्तुति के दौरान उनके लाइव गायन और बैकग्राउंड साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें सुनाई देने के कारण हंगामा हो गया था। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय विधायक उनियाल इस पर नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर उन्होंने मेंहदी से कहा कि उन्हें मनोरंजन के लिए काफी पैसे देकर बुलाया गया है इसलिए प्रस्तुति के दौरान गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि वह तो बोल भी नहीं पा रहे हैं तो क्या गाएंगे। इस दौरान मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी और मंत्री को उनके व्यवहार के लिए सिने जगत के साथ ही राजनीतिक दलों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

हालांकि, इसके बाद उनियाल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मेंहदी को एक बड़ा नाम होने के कारण कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था लेकिन अपनी खराब तबियत के बारे में उन्हें पहले से बता देना चाहिए था। उनियाल ने कहा, ‘‘जब मंच पर यह साफ हो गया कि वे गा नहीं रहे हैं, बल्कि सिर्फ लिप-सिंकिंग कर रहे हैं तो वहां के स्थानीय प्रतिनिधि और आयोजन समिति से जुड़े होने के नाते मुझ पर लोगों का दबाव था कि इस बात पर सवाल उठाया जाए...। मंत्री ने बताया कि उन्हें पता चला कि मेंहदी की टीम को सिर्फ हाथ हिलाने और लिप-सिंक करने के लिए कहा गया था जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई।

उनियाल ने कहा, ‘‘वे न तो बोल पा रहे थे और न ही चल पा रहे थे। उस समय मुझे लगा कि शायद वे किसी नशे के प्रभाव में हैं, मुझे नहीं पता कि किस चीज़ के..., क्योंकि कोई मेडिकल जांच नहीं हुई थी।’’ मंत्री ने कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि तबियत खराब होने के कारण वह नहीं बोल पा रहे थे। उनियाल ने कहा कि उन्हें अपनी स्थिति के बारे में पहले ही बता देना चाहिए था।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर उनकी तबीयत खराब थी, तो उन्हें कार्यक्रम के लिए नहीं आना चाहिए था। हमसे 35 लाख रुपये का पूरा भुगतान पहले ही ले लिया गया था और होटल भी पहले से बुक कर दिए गए थे। मेरी उनसे कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही मेरा उन्हें ठेस पहुंचाने का कोई इरादा था।’’

प्रमुख खबरें

Maharashtra विधान परिषद की 5 सीटों पर मतदान कल, 182 उम्मीदवार मैदान में

India दौरा पूरा कर रवाना हुए Marco Rubio, आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को बताया अहम

लाल साड़ी से हटकर Karwa Chauth पर पहनें ये 7 रंग, लुक देख सब करेंगे तारीफ

नमो से अस्सी घाट तक IAF का मेगा शो, Su-30MKI और राफेल के करतब देख झूमे दर्शक