पुथुपल्ली उपचुनाव, माकपा ने ओमन चांडी की चिकित्सा देखभाल का मुद्दा उठाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 11, 2023

केरल में सत्तारूढ़ माक्सर्वादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को कथित तौर पर पर्याप्त चिकित्सा देखभाल उपलब्ध न कराए जाने को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस से स्पष्टीकरण मांगा। चांडी का पिछले महीने कैंसर के चलते निधन हो गया था। कांग्रेस द्वारा पुथुपल्ली उपचुनाव के लिए ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन की उम्मीदवारी की घोषणा किए जाने के कुछ दिन बाद माकपा नेता के. अनिल कुमार ने यह मुद्दा उठाया। आरोपों से इनकार करते हुए राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष वी डी सतीशन ने कहा कि कांग्रेस नेता के बेटे की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद माकपा घटिया राजनीतिक खेल खेल रही है। ओमन चांडी ने लगातार 53 वर्ष तक पुथुप्पल्ली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और उनके निधन के कारण वहां उपचुनाव कराना जरूरी हो गया।

वहीं, उन अस्पतालों का विवरण प्रदान करते हुए जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, सतीशन ने जोर देकर कहा कि दिवंगत नेता को पूरी चिकित्सा सहायता दी गई थी। ओमन चांडी का 18 जुलाई को बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया था। निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव की तारीख की घोषणा किए जाने के तुरंत बाद कांग्रेस ने दिवंगत नेता के बेटे चांडी ओमन को उम्मीदवार घोषित कर दिया। माकपा और भाजपा ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

प्रमुख खबरें

US Sanctions में छूट से भारत की ऊर्जा सुरक्षा और एक्सपोर्ट को बढ़ावा: FICCI और FIEO

Delhi Police के इतिहास में 18 अक्टूबर खास, 1861 में दर्ज हुई थी पहली FIR

सुनील जाखड़ ने Amit Shah को लिखा पत्र, पंजाब जेलों से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क की जांच NIA और ED से कराने की मांग

Devendra Fadnavis का विपक्ष पर हमला, बोले- 5000 रुपये की राहत का दर्द अमीर नेता नहीं समझेंगे