By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 31 अक्टूबर क्वाड के विदेश मंत्रियों ने शनिवार को मनमाने ढंग से लगाए जाने वाले निर्यात प्रतिबंधों और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं को बाधित करने वाली गतिविधियों के जरिये बनाए जा रहे आर्थिक दबाव पर ‘गंभीर चिंता’ जताई। चीन पर स्पष्ट रूप से निशाना साधते हुए भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के विदेश मंत्रियों ने आर्थिक दबाव बनाने के लिए उठाए गए कदमों, मनमाने निर्यात प्रतिबंधों तथा ऐसी गैर-बाजारी नीतियों और तौर-तरीकों पर गहरी चिंता व्यक्त की, जिनसे अत्यधिक उत्पादन क्षमता पैदा होती है और महत्वपूर्ण उद्योगों की वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं बाधित होती हैं। अटलांटा में बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में क्वाड के विदेश मंत्रियों ने भरोसेमंद और खुली वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं तथा विश्वसनीय एवं लचीले बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।