By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 23, 2026
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए हिंसा का इस्तेमाल किया जाता है और 80 प्रतिशत महिलाएं उत्पीड़न का सामना करती हैं। महिलाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने लिए आवाज उठानी चाहिए और खुद पर विश्वास रखना चाहिए। पार्टी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा के ‘‘तीन रूप’’ -शारीरिक हिंसा, अवसरों से वंचित कर हिंसा और आर्थिक हिंसा गिनाए।
महिलाओं को सुरक्षित यात्रा के नाम पर हर साल अतिरिक्त 17,500 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि महिलाओं को कई तरह की पाबंदियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि 60 प्रतिशत महिलाएं अकेले घर से बाहर नहीं जा सकतीं।
उन्होंने कहा, ‘‘लड़के को किसी भी समय बाहर जाने और देर से घर आने की इजाजत होती है, लेकिन लड़कियों को रात आठ बजे तक घर लौटना पड़ता है। लड़के किसी भी परीक्षा में कई बार बैठ सकते हैं, लेकिन लड़कियों को केवल एक मौका मिलता है। उनसे कहा जाता है कि यह उनकी शादी का समय है और परीक्षा देने जाने की जरूरत नहीं है।’’ गांधी ने कहा कि 45 प्रतिशत महिलाओं को शादी या घरेलू जिम्मेदारियों के कारण पढ़ाई या काम छोड़ना पड़ता है, जबकि केवल आठ प्रतिशत महिलाओं के नाम जमीन है।
घरों में असमानता को रेखांकित करते हुए गांधी ने कहा कि 15 से 29 वर्ष की आयु की महिलाएं घर में 5.5 घंटे काम करती हैं, जबकि उसी घर में लड़के केवल 30 मिनट काम करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि 84 प्रतिशत महिलाओं को रोजगार करने के लिए अपने परिवार की अनुमति लेनी पड़ती है। गांधी के अनुसार, महिलाएं पुरुषों की तुलना में 25 प्रतिशत कम कमाती हैं और उन्हें आसानी से पदोन्नति नहीं मिलती।