By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 18, 2024
वायनाड। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने केरल के वायनाड में जंगली जानवरों के हमलों में तीन लोगों की मौत पर हिंसक विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद, रविवार को जिले के अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया और उनसे मदद मांगी। राहुल गांधी ने पीड़ितों को बिना किसी देरी के मुआवजा देने का आश्वासन दिया। राहुल गांधी वायनाड से सासंद हैं। राहुल गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र में मानव-पशु संघर्ष के समाधान की मांग कर रहे स्थानीय लोगों के उग्र होते विरोध के मद्देनजर वाराणसी में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ अचानक बीच में ही छोड़कर वायनाड पहुंचे।
कांग्रेस नेता ने समय पर मुआवजा वितरित करने के महत्व पर जोर दिया। गांधी ने कहा कि जब कोई परिवार किसी सदस्य को खो देता है, खासकर गरीब परिवार, तो उन्हें लंबे समय के बाद मुआवजा देना पर्याप्त नहीं है। मुआवजा तुरंत मिलना चाहिए, क्योंकि उन्हें तुरंत पैसे की जरूरत होती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह सीधे मुख्यमंत्री को बताना चाहेंगे कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग किस दौर से गुजर रहे हैं। वह पीड़ित अजी (42) के घर पर 20 मिनट से अधिक समय तक रुके।
अजी को पिछले हफ्ते वायनाड जिले के मननथावाड़ी इलाके में एक रेडियो कॉलर लगे हाथी ने कुचलकर मार डाला था, जिसके बाद बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। अजी के परिजनों से मुलाकात के बाद वह वन विभाग के ‘इको-टूरिज्म गाइड’ पॉल के आवास पर गए और वहां कुछ समय बिताया। पॉल को शुक्रवार को कुरुवा द्वीप के पास एक जंगली हाथी ने मार डाला था। राहुल गांधी हाल ही में बाघ के हमले में मारे गए प्रजीश के घर भी गए। क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा शनिवार को की गई हड़ताल के दौरान यहां हिंसा देखने को मिली थी।