By अभिनय आकाश | Aug 29, 2023
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने यूरोप के 5 दिवसीय दौरे पर जा सकते हैं। इस दौरान वह पेरिस में एक विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करने के अलावा बेल्जियम में यूरोपीय आयोग के संसद सदस्यों से भी मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता सितंबर की शुरुआत में ओस्लो में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित कर सकते हैं। आपको बता दें कि राहुल का यह दौरा ऐसे समय होने की संभावना है जब 9 और 10 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन होगा।
राहुल गांधी का संसद सदस्यता बहाल किए जाने के बाद पहला विदेश दौरा है। इससे पहले उन्होंने इसी साल अमेरिकी दौरे से पहले लंदन की यात्रा की थी। लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक भाषण के बाद राहुल गांधी की विदेश यात्रा हमेशा से निशाने पर रही है। जहां उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और ये खतरे में है।