राहुल ने साधा रघुवर दास पर निशाना, बताया सबसे भ्रष्ट व्यक्ति

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 09, 2019

बीआईटी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास को सबसे भ्रष्ट व्यक्ति बताया और कहा कि अफसोस की बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके साथ खड़े होकर भ्रष्टाचार मिटाने की बात करते हैं। प्रांतीय राजधानी रांची से पंद्रह किलोमीटर दूर यहां बीआईटी मेसरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यह आरोप लगाये। गांधी ने कहा, ‘‘झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास सबसे भ्रष्ट व्यक्ति हैं, पूरा झारखंड जानता है। लेकिन अफसोस की बात है कि जब प्रधानमंत्री यहां आते हैं तो उनके बगल में खड़े होकर उनको वोट देने के लिए कहते हैं, भ्रष्टाचार मिटाने की बात कहते हैं।’’ गांधी यहीं नहीं रुके और उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘हर रोज पूरे देश में किसी ना किसी महिला का बलात्कार हो रहा है। कहीं न कहीं बलात्कार हो रहा है। इधर हो रहा है उधर हो रहा है। यूपी में महिला को गोली मार दी। उन्नाव में बलात्कार के बाद जला दिया। मोदी जी के विधायक ने बलात्कार किया लेकिन मोदी जी ने एक शब्द नहीं बोला। उसकी दुर्घटना हो गयी फिर भी मोदी जी नहीं बोले। फिर कहते हैं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ।’’

राहुल ने कहा, ‘‘हां बचाओ लेकिन भाजपा के विधायक से बचाओ।’’ राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है जबकि कांग्रेस जोड़ने की और प्यार की राजनीति करती है। इससे पहले राहुल गांधी ने हजारीबाग में बड़कागांव की जनसभा में भारत को विश्व की बलात्कार की राजधानी तक बताया।उन्होंने लोगों से पूछा कि आप रोजगार चाहते हैं कि बेरोजगारी? यदि रोजगार चाहते हैं तो कांग्रेस को अपना मत दें और गठबंधन की सरकार बनायें। उन्होंने राज्य के लोगों को आश्वासन दिया कि यदि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी तो वह किसानों का रिण माफ करेगी और आदिवासियों के जल, जंगल जमीन की रक्षा करेगी। झारखंड विधानसभा चुनावों में अपने दूसरे चुनावी दौरे में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘ यह नरेन्द्र मोदी की सरकार सिर्फ अंबानी और अडाणी के कर्जे माफ करती है। इसका लक्ष्य गरीबों का पैसा लेकर अंबानी और अडाणी की जेब में डालने कहा है।’’ गांधी ने कहा कि मोदी दिन भर आप लोगों का पैसा इन्हीं 20-25 उद्योगपतियों को को देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के आदिवासियों से जमीन छीनकर इन 20-25 लोगों को देने का काम केन्द्र और झारखंड सरकार कर रही है। लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।

इसे भी पढ़ें: लोग महसूस कर रहे हैं बेबाक राहुल गांधी की कमी, बघेल बोले- जल्द से जल्द बनें अध्यक्ष

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार झारखंड में अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बनी तो वह छत्तीसगढ़ की ही तरह गरीबों और आदिवासियों की जमीन उन्हें लौटायेगी। किसान का कर्जा माफ करेगी। आदिवासियों और गरीबों तथा किसानों के जल, जंगल और जमीन की हर कीमत पर रक्षा करेगी। गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने नोटबंदी कर दी और फिर जीएसटी लागू कर दी जिससे तमाम उद्योग बंद हो गये। छोटे व्यापारी और गरीब बर्बाद हो गये। जो लोग रोजगार में थे उनके भी रोजगार चले गये। उन्होंने कहा कि सरकार को समझना होगा कि चंद उद्योगपति देश नहीं चलाते, अपितु इस देश को छोटे व्यापारी और किसान बनाते हैं और चलाते हैं। गांधी ने कहा, ‘‘मोदी ने आप से छीनकर लाखों करोड़ रुपये 15-20 उद्योगपतियों की जेब में डाल दिये। साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये 15 बड़े उद्योगपतियों के माफ कर दिये लेकिन किसानों और गरीबों के रिण कहीं नहीं माफ किये गये।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपया देने से मना कर दिया लेकिन उनकी सरकार ने ऐसा कर दिखाया। जबकि झारखंड में अभी भी किसानों को धान का सिर्फ 1300 रुपये समर्थन मूल्य दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जैसे ही हम किसानों का रिण माफ करेंगे वह बाजार से सामान खरीदना प्रारंभ करेगा तो उद्योग फिर से चल निकलेंगे और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। यही विचार कर कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों में न्याय योजना की बात की थी।

प्रमुख खबरें

SIR और वोट चोरी पर सियासी घमासान, Rekha Gupta ने विपक्ष को घेरा

2016 Surgical Strike आतंकवाद पर भारत का निर्णायक जवाब थी: PM Narendra Modi

Asian Games में दो सिल्वर मेडल जीतकर लौटीं Elavenil Valarivan, अहमदाबाद में जोरदार स्वागत

Bareilly में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने का आरोपी Nirdesh Rathore गिरफ्तार