By अंकित सिंह | Feb 05, 2022
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वह लगातार निशाना साध रहे हैं। इन सब के बीच आज राहुल गांधी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर आज राज्य के दौरे पर थे। उधम सिंह नगर में एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमला किया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस के समय भारत में प्रधानमंत्री होता था जबकि आज के भारत में प्रधानमंत्री की जगह राजा है। उन्होंने काह कि प्रधानमंत्री सुनता है, प्रधानमंत्री के दरवाजे किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के लिए खुले होते हैं। अगर प्रधानमंत्री सभी के लिए काम नहीं करता है तो, वह प्रधानमंत्री नहीं हो सकता। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं हैं। हिंदुस्तान के किसान एक साल ठंड में, कोरोना में सड़क पर खड़े थे। प्रधानमंत्री ने उनसे बात करने तक की कोशिश की? नहीं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने काह कि मेनिफेस्टो में हम चीजें लिखेंगे, लेकिन आप नीयत और इरादा समझिए। हमारा इरादा आपके साथ पार्टनरशिप बनाने का है। हम आपके साथ बातचीत करना चाहते हैं। हमारे दरवाजे आपके लिए खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं आपको एक गारंटी दे सकता हूं कि जो नरेंद्र मोदी जी ने आपके साथ किया। आपको एक साल, सड़क पर, ठंड में और कोरोना के समय खड़ा कर दिया, कांग्रेस पार्टी मर जाएगी, खत्म हो जाएगी, लेकिन यह कभी नहीं करेगी। कांग्रेस नेता ने काह कि मेरा संदेश यही है कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और उत्तराखंड की जनता, आप सभी के साथ पार्टनरशिप बनाना चाहते हैं। हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जिसमें आपको लगे कि यह हमारी सरकार है और आप दिल खोलकर जो कहना चाहे कह सकते हैं। हम चाहते हैं कि जो सबसे गरीब लोग हैं, उनको यह लगे कि वह अकेले हैं, बल्कि उनकी सरकार, उनका प्रदेश उनके साथ खड़ा है।