राज ठाकरे, आदित्य हों या पवार सभी अयोध्या के द्वार, वजूद को नकारने वाली कांग्रेस भी कहने लगी- रामलला हम आएंगे

By अभिनय आकाश | May 10, 2022

कभी राम जन्मभूमि आंदोलन को लेकर सियासी रूप से हिंदुत्व की प्रयोगशाला माना जाने वाला अयोध्या अब एक बार फिर सियासी अखाड़ा बना हुआ है। महाराष्ट्र की राजनीति में अयोध्या का मुद्दा चरम पर है। प्रदेश की सियासत में अयोध्या इन दिनों केंद्र-बिन्दु बन गया है। सूबे के तमाम नेताओं में अयोध्या जाने की रेस लगी हुई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता राज ठाकरे की तरफ से अयोध्या दौरे की घोषणा की जा चुकी है। ऐसे में हिंदुत्व के झंडेबदार की राजनीति को लेकर छिड़ी जंग में शिवसेना कहां पीछे रहने वाली थी। खबर आई कि उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे भी अगले महीने अयोध्या के दौरे पर होंगे। शरद पवार के पोते तो रामलला के दर्शन करके जा भी चुके हैं। लेकिन अभी तक श्रीराम के वजूद को नकारने वाली कांग्रेस भी इस स्पर्धा में शामिल होने वाली है। दशरथ गद्दी के महंत ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को आने का न्यौता दिया है। 

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को दशरथ गढ़ी के महंत ब्रजमोहन दास ने आयोध्या आने का न्योता दिया है। यह जानकारी पार्टी की राज्य इकाई ने एक बयान जारी कर दी है। बयान के मुताबिक कांग्रेस के महाराष्ट्र मुख्यालय ‘ तिलक भवन’में ब्रजमोहन दास आए थे। पार्टी ने कहा, ‘‘तिलक भवन आने पर उन्होंने (दास ने) पटोले को अयोध्या आकर भगवान राम के दर्शन् करने का न्योता दिया। उनके निमंत्रण को स्वीकार कर लिया गया है।’’ 

राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा की तैयारियां जोरों पर

मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का आह्वान करके हाल में विवाद खड़ा करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने पिछले महीने एलान किया था कि वह भगवान राम का आशीर्वाद लेने पांच जून को अयोध्या जाएंगे। राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा की तैयारियां अभी से जोरों पर है। जिसकी  बानगी अभी से दिखाई देने लगी है। मनसे प्रमुख की अयोध्या यात्रा के पोस्टर मुंबई की सड़कों पर नजर आ रहे हैं। जिसमें भगवा कपड़ो में राज ठाकरे को दिखाया गया है। मनसे की तरफ से मुंबई में चलो अयोध्या के पोस्टर लगाए गए हैं। जिसके माध्यम से लोगों से जून के महीने में राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। मनसे की तरफ से अयोध्या दौरे के लिए विशेष ट्रेनें आरक्षित की जाएंगी। 

असली आ रहा है, नकली से सावधान

महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे का अयोध्या का दौरा 10 जून के आसपास प्रस्तावित है। उनके साथ महाराष्ट्र और देशभर से शिवसैनिक जाएंगे। हाल ही में अयोध्या में शिवसेना के नाम से पोस्टर भी देखने को मिले थे। जिसमें इशारों-इशारों में राज ठाकरे को लेकर निशाना भी साधा गया था। पोस्टर में बाल ठाकरे, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे की तस्वीरें लगाकर लिखा गया- 'असली आ रहा है नक़ली से सावधान।

पवार के पोते रोहित ने किया दर्शन 

राकांपा सुप्रीमो शरद पवार के पोते रोहित पवार भी  आज रामलला के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निजी चैनल से बात करते हुए कहा कि अच्छी तरह से दर्शन हो गए और माथा भी टेक लिया। जो मन में चीज थी वो भी भगवान से मांगी। मुझे लगता है कि एक अच्छा दिन है और मैं अपने परिवार के साथ आया हूं तो मन बहुत प्रसन्न हो गया।  

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड में Earthquake Alert की जांच के लिए हर 9 तारीख को बजेगा सायरन

National Open Athletics Championship शुरू, Kishore Jena और Shaili Singh पर रहेंगी नजरें

राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर लोकतांत्रिक असहमति पर हमला, केरल सीएम सतीशन ने बोला हमला

भारत-UK Financial Markets Dialogue में व्यापार और निवेश बढ़ाने पर सहमति