दिन के बाद रात में भी तपा राजस्थान, जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 34.0 डिग्री पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 22, 2024

जयपुर। राजस्थान में गर्मी अब दिन के साथ-साथ रात में भी सितम बरसा रही है जहां राजधानी जयपुर में बीती मंगलवार रात पारा 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीमावर्ती जैसलमेर में यह 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर ने आगामी दो-तीन दिन में तापमान और बढ़ने की संभावना के साथ-साथ राज्य के अधिकांश स्थानों पर तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के बीच राज्य में चिकित्सा व पेयजल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें मुख्यालय पर ही रहने को कहा गया है। 

अधिकारियों के अनुसार आगामी दो दिन राज्य के अधिकांश स्थानों पर ‘हीटवेव’ व कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं 23-24 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-48 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व तेज लू चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इसी तरह रात का तापमान भी बढ़ेगा और आगामी 4-5 दिन राज्य के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान भी औसत से 2-5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज होने व कहीं-कहीं उष्ण रात्रि दर्ज होने की संभावना है। 

इसे भी पढ़ें: केरल के राज्यपाल ने आचार संहिता का हवाला देते हुए अध्यादेश लौटाए

बढ़ती गर्मी के बीच सभी चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं और उन्हें मुख्यालय पर ही रहने को आदेशित किया गया है। विभाग ने राज्य में तेज लू चलने से लू—तापघात की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने भी पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं पेयजल के प्रभावी प्रबन्धन हेतु सभी फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारियों को मुख्यालय पर ही उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।

प्रमुख खबरें

खबरों की दुनिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की चुनौती, यहां आंखों देखा और कानों सुना भी झूठ हो सकता है!

Mumbai में Ganesh शोभायात्रा पर अंडे फेंकने का आरोपी दानिश गिरफ्तार

Nasscom ने H-1B Visa शुल्क प्रस्ताव पर कहा, भारतीय कंपनियों ने घटाई निर्भरता

नेहरू ने जिसे बोला था भाई वो निभाता रहा दुश्मनी, मगर अब दोस्त बन कर दिल्ली आ रहा है!