By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 25 नवंबर से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। पहले यह सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। यह व्यवस्था अगले साल 15 फरवरी तक लागू रहेगी।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सर्दियों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को गति सीमा में कटौती के साथ अतिरिक्त सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं। बयान के अनुसार, संशोधित अधिकतम गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है और 25 नवंबर से निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने पर चालान किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे के प्रमुख स्थानों पर सूचना पट्ट लगाकर इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा समाचार पत्रों, टोल प्लाजा और प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर पर्चे वितरित कर वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और रेडियो एफएम चैनलों के माध्यम से भी सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
बड़े इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर भी जरूरी निर्देश प्रदर्शित किए जाएंगे। बयान के अनुसार, रात और कोहरे के दौरान दृश्यता बेहतर बनाने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों को भी मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकरण ने पाया है कि कई स्थानों पर लगे रिफ्लेक्टिव टेप की चमक और परावर्तन क्षमता कम हो गई है, जिससे सड़क पर लगे संकेतक और चेतावनी चिह्न स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते।
इसको देखते हुए क्षतिग्रस्त रिफ्लेक्टिव टेप तत्काल बदलने और एक्सप्रेसवे के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर फॉग लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बयान के अनुसार, प्राधिकरण ने शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए टोल प्लाजा पर सुचारु आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था करने को भी कहा है। संबंधित एजेंसी को सभी निर्देशों का पालन कर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।