UP Assembly Election: SP और Congress में सीट शेयरिंग पर दो दौर की बैठक बेनतीजा, विनेबिलिटी होगी मुख्य आधार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हुई बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गई। हालांकि, दोनों दलों ने चर्चा को सकारात्मक बताते हुए कहा कि अगले दो दौर की बैठकों में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इस बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बातचीत के नतीजे पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन सीटों के बंटवारे में जीत की संभावना (विनेबिलिटी) प्रमुख आधार होगी।

उन्होंने चुनावी सफलता सुनिश्चित करने के लिए दोनों दलों को एक-दूसरे को समायोजित करने की जरूरत भी बताई। दूसरे दिन की बातचीत से पहले कांग्रेस की ओर से 130 सीटों की मांग की गई थी, तो सपा ने 26 सीटों की पेशकश की थी। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने करीब साढ़े तीन घंटे की बैठक के बाद कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई और बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से अभी सभी पर चर्चा पूरी नहीं हुई है। यादव ने कहा, हमने सीट दर सीट चर्चा की। बहुत सकारात्मक तरीके से बातचीत हुई।

403 सीटें बहुत होती हैं, अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई है। अगली दो बैठकें होंगी तो गठबंधन को पूरा कर लिया जाएगा। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर नए सिरे से बातचीत होगी और फैसला होने तक चर्चा जारी रहेगी।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अगली दो बैठकों में सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। गौतम के मुताबिक, राज्य की 403 सीटों में से ज्यादातर सीटों चर्चा हो चुकी है। दोनों पक्षों ने आंकड़ों के आधार पर एक-एक सीट पर विचार किया है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन की औपचारिक घोषणा भी जल्द की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों दलों ने सीट-दर-सीट पिछले चुनावों के आंकड़ों और राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर अपना पक्ष रखा। कांग्रेस ने जिन सीटों पर अपना दावा मजबूत माना है, उन्हें ए और बी श्रेणियों में बांटा है।

इससे पहले, मंगलवार को बैठक से पूर्व रामगोपाल यादव ने कहा था कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इनमें दो सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि 20 अन्य सीटों पर सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे और कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे।

हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने 26 सीटों की पेशकश की जानकारी होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा कि दोनों दल हर सीट पर चर्चा करने के लिए सहमत हैं। गौरतलब है कि सोमवार को पहले दौर की बातचीत में कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की सूची सौंपी थी, जिन पर वह अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है।

कांग्रेस ने इन सीटों को अपनी प्राथमिकता बताया था। मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। सपा की ओर से रामगोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय, अवधेश प्रसाद और इकरा हसन ने हिस्सा लिया।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा कुछ भी खिचड़ी पका ले, कुछ नहीं होने वाला है, क्योंकि न तो ये सत्ता में आएंगे और न ही भाजपा सत्ता से जाएगी। राज्य सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को बिल्कुल विपरीत ध्रुवों पर बताते हुए आरोप लगाया कि वे अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए साथ आ रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Yamuna Expressway पर 25 नवंबर से गाड़ियों की स्पीड लिमिट घटी, 75 किमी प्रति घंटा तय

भारत के खिलाफ Test मैच ड्रॉ कराने पर Luke Ronchi ने की बल्लेबाजों की तारीफ

Prince William के ग्रामीण आवास में चोरी की कोशिश, ब्रिटिश पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

Prince William के आवास Anmer Hall में घुसे चोर, ड्रोन व हेलिकॉप्टर सर्च के बाद 2 गिरफ्तार