By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 15, 2026
राजस्थान के पुलिसकर्मियों को तनाव प्रबंधन, तल्खी भरे वार्तालाप से निपटने और आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने के तौर-तरीकों पर बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा जयपुर में ‘पुलिसिंग में सकारात्मक व्यवहार’ विषय पर आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। एक गैर-सरकारी संगठन की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 15 से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
दूसरे दिन पुलिसकर्मियों को कार्यस्थल से जुड़े तनाव को समझने, भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम बनाए रखने, प्राथमिकताएं तय करने और नागरिकों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बयान के अनुसार, विभिन्न गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों को तल्खी भरे वार्तालाप, नाराज शिकायतकर्ताओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यशाला के अंतिम दिन बेहतर संवाद, ध्यानपूर्वक सुनने और जनता का विश्वास बढ़ाने के उपायों के जरिए प्रशिक्षण में मिली सीख को व्यवहार में लागू करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘केस स्टडी’, व्यावहारिक अभ्यास, आत्म-मूल्यांकन और सहकर्मियों से मिलने वाले सुझावों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य रोजमर्रा की पुलिसिंग में पुलिसकर्मियों के व्यवहार, निर्णय लेने की क्षमता और संवाद कौशल में सुधार करना है। यह कार्यशाला ऐसे समय में हो रही है, जब कुछ दिन पहले किशनगढ़ में पार्किंग विवाद के दौरान आरपीएस अधिकारी अंजू यादव द्वारा एक अधिवक्ता को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
विवाद के बाद यादव को उनके पद से हटा दिया गया था।