राजनाथ सिंह ने कहा कि पड़ोसियों से अच्छे संबंधों के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2022

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत अपने पड़ोसियों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध रखना और इन्हें भविष्य में भी बनाए रखना चाहता है, लेकिन यह राष्ट्रीय सुरक्षा की कीमत पर नहीं किया जाएगा। यहां शिवगिरि मठ की 90वीं वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की उस टिप्पणी को याद किया जिसमें उन्होंने कहा था कि हम दोस्त बदल सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हमें अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंधों की आवश्यकता है। लेकिन, हम अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे। हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की कीमत पर किसी के साथ अच्छे संबंध नहीं चाहते हैं।’’

सिंह ने कहा, ‘‘श्री नारायण गुरू के ‘उद्योग के जरिए समृद्धि’ के उपदेश पर आधारित ‘आत्म निर्भर भारत’ पर सरकार के जोर के कारण दुनिया भारत को एक सैन्य शक्ति के रूप में जानती है।’’ उन्होंने कहा कि स्वावलंबन भारत की संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है और श्री नारायण गुरू ने अपने उपदेशों के जरिए जन-जन में इस संदेश को फैलाया है और शिवगिरी मठ भी इसेनिरंतर आगे जाने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब वह सशस्त्र बलों की मदद से और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत के ‘‘शरीर’’ (सीमाओं) की रक्षा के लिए काम कर रहे थे, तब मठ के संत देश की ‘‘आत्मा’’ की रक्षा के लिए काम कर रहे थे।

सिंह ने कहा, ‘‘मैं आपके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करता हूं। हम एक राष्ट्र के रूप में तभी जीवित रह सकते हैं जब शरीर और आत्मा दोनों सुरक्षित हों।’’ रक्षा मंत्री ने इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर भी शोक जताया। सिंह ने कहा कि जब उन्हें इस दुखद खबर का पता चला तो वह दिल्ली लौटने पर विचार कर रहे थे लेकिन प्रधानमंत्री ने सभी से कहा कि वापस आने से पहले सभी को अपने आधिकारिक काम पूरे करने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यहां प्रत्येक व्यक्ति, शिविगिरी मठ और मैं अपनी तरफ से, मां हीराबेन को श्रद्धांजलि देना चाहता हूं।’’ इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने एक मिनट का मौन रखा। शिवगिरी मठ केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के वरकाला शहर में एक मशहूर पर्यटक तीर्थस्थल है।

प्रमुख खबरें

‘तेरा नखरा है झक्कास’ ने बढ़ाई ‘एहसास-द रियलाइज़ेशन’की धूम, इंटरनेट पर छाया नया रंग

“भारतीय प्रतिभा का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा, ट्रंप प्रशासन को करारा जवाब देकर भारत ने लूटी दुनिया की वाहवाही

Sexual Harassment Case: Delhi Court ने Brij Bhushan Sharan Singh को जवाब दाखिल करने के लिए दिया अतिरिक्त समय

West Bengal bypoll: नंदीग्राम में BJP की हासिरानी रथ 49922 वोटों से आगे