बीजेपी ने जारी की राज्यसभा के 18 उम्मीदवारों की लिस्ट, पीयूष गोयल को महाराष्ट्र, निर्मला सीतारमण को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2022

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 18 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण को क्रमश: महाराष्ट्र और कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, भाजपा की सहयोगी जदयू ने केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को झटका देते हुए बिहार से खीरू महतो को अपना राज्य सभा प्रत्याशी बनाया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का नाम भी पार्टी उम्मीदवारों की सूची से गायब है। हालांकि भाजपा को कम से कम दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करनी है और ये दोनों सीट उत्तर प्रदेश की हैं।

इसे भी पढ़ें: भाजपा वादे पर कायम नहीं रही, इसलिए महाराष्ट्र को एमवीए की अच्छी सरकार मिली : संजय राउत

पार्टी ने राज्य से दो महिलाओं दर्शना सिंह और संगीता यादव को भी चुनाव मैदान में उतारा है। दर्शना पार्टी की महिला शाखा की पूर्व प्रमुख हैं जबकि संगीता गोरखपुर के चौरी चौरा से पार्टी की पूर्व विधायक हैं। पार्टी ने कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार से दो-दो और मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, झारखंड व हरियाणा से एक-एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। पार्टी ने हरियाणा से पूर्व विधायक कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, राजस्थान से घनश्याम तिवारी और उत्तराखंड से कल्पना सैनी के नामों की घोषणा की गई है। बिहार से पार्टी ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल, अनिल सुखदेवराव बोंडे और धनंजय महादिक को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है। संख्याबल के अनुसार भाजपा दो सीटों पर आसानी से जीत दर्ज कर लेगी जबकि तीसरी सीट के लिए मुकाबला होने के आसार है। भाजपा ने आदित्य साहू को राज्यसभा के लिए झारखंड से प्रत्याशी बनाया है जहां से नकवी पूर्व में सदस्य हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अभिनेता से नेता बने जग्गेश को कर्नाटक से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। देश के 15 राज्यों से राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होंगे। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 31 मई है।

प्रमुख खबरें

क्या भारत अब वैश्विक टेक कंपनियों के लिए ‘नियम मानो या रास्ता छोड़ो’ वाला संदेश दे रहा है?

Gautam Gambhir को भज्जी की सलाह: Rohit-Virat के Experience पर जताएं भरोसा, उम्र नहीं Performance है पैमाना

Vanakkam Poorvottar: कोई क्षेत्र नहीं खोया है, सभी पोस्ट भारतीय नियंत्रण में हैं, Arunachal Pradesh में चीनी घुसपैठ की खबरों पर Indian Army का स्पष्टीकरण

नशे में Pilot! Air India Phuket-Delhi उड़ान के कैप्टन का डोप टेस्ट पॉजिटिव, बढ़ा दबाव