नेकां में बिखराव का दावा, Ram Madhav बोले- Aga Ruhullah को हमारे लोगों का आशीर्वाद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026

जम्मू, तीन नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने मंगलवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) से इस्तीफे की घोषणा करने वाले लोकसभा सदस्य आगा रुहुल्ला “हमारे लोगों” के आशीर्वाद से रैली कर रहे हैं। माधव ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में सत्तारूढ़ नेकां स्पष्ट रूप से बंटी हुई दिखाई दे रही है और पार्टी के अंदरूनी मामलों से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। श्रीनगर से सांसद रुहुल्ला ने मंगलवार को अपने पिता आगा सैयद मेहदी की 26वीं पुण्यतिथि पर जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आयोजित एक रैली में नेकां और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफे की घोषणा की।

उनका यह दौरा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से हाल में किए गए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नेकां विधायकों के बीच असंतोष बढ़ने की खबरों के बीच हो रहा है। हालांकि, माधव ने भाजपा को नेकां के अंदरूनी मामलों से अलग रखते हुए कहा कि भाजपा विधायकों के बयान पार्टी के रुख से अलग हैं। उन्होंने कहा, “मैं दोहराना चाहता हूं कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के अंदरूनी मामलों में हमारी कोई भूमिका नहीं है।

हमारे विधायक जो भी बयान देते हैं, वह एक अलग बात है। यह पूरी तरह से नेशनल कॉन्फ्रेंस का अपना आंतरिक मामला है और उनके नेता आपस में ही लड़ रहे हैं।” भाजपा के कई विधायक और वरिष्ठ नेता दावा कर रहे हैं कि नेकां में फूट पड़ने वाली है और सत्ताधारी पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष के चलते उमर के नेतृत्व वाली सरकार गिर सकती है। माधव ने कहा, “आज उसके (नेकां) एक सांसद सामने आए हैं और रैली कर रहे हैं... यह पार्टी का अंदरूनी मामला है।

इससे हमारा क्या लेना-देना?” भविष्य में संभावित राजनीतिक घटनाक्रमों और उनके प्रभावों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कोई भी कयास लगाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले स्थिति साफ होना जरूरी है। माधव ने कहा, “हां, जब आप किसी पुल पर पहुंचते हैं, तभी उसे पार करते हैं।”

प्रमुख खबरें

Diwali पर दर्शन के लिए देश के प्रसिद्ध Mahalaxmi Temple, रतलाम से कोल्हापुर तक उमड़ती है भीड़

मोदी अगर नहीं जीते तो क्या होगा? चीन ने दिया बहुत अजीब सा जवाब

उमर अब्दुल्ला सरकार पूरी तरह सुरक्षित, Surinder Choudhary ने खारिज की मतभेदों की बात

बाबरी बनेगी, हिम्मत है तो रोक लो...हुमायूं की खुली धमकी, 6 दिसंबर को जुटेंगे 5 लाख मुसलमान!