35A पर बोले राम माधव, मोदी सरकार वही करेगी जो जम्मू कश्मीर के हित में होगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 01, 2019

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संवैधानिक प्रावधान वापस लेने की केंद्र की किसी भी योजना से जुड़े सवाल का सीधा उत्तर देने से बचते हुए भारतीय जनता पार्टी के महासचिव राम माधव ने बुधवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार राज्य के हित में उचित समय आने पर आवश्यक कदम उठाएगी। माधव ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘इस पर (संविधान के अनुच्छेद 35 ए को निरस्त करने के बारे में) भाजपा का रुख बेहद स्पष्ट है और (इस मामले में) पार्टी कोई निर्णय नहीं करने जा रही है। यह निर्णय प्रधानमंत्री और उनकी सरकार का होगा। लेकिन मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि जो भी निर्णय वे करेंगे, वह राज्य के हित में होगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के राजनीतिक दल अपनी राजनैतिक जमीन बचाने के लिए केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों के आने-जाने को अन्य मुद्दों से जोड़ कर कश्मीर में डर का माहौल पैदा कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर की जनता से सत्यपाल मलिक की अपील, किसी भी अफवाह पर नहीं दें ध्यान

केंद्र की तरफ से संविधान के अनुच्छेद 35 ए को निरस्त करने संबंधी अटकलों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महबूबा ने 28 जुलाई को कहा था कि जम्मू कश्मीर के मूल निवासियों को निवास और नौकरी का अधिकार प्रदान करने वाले संविधान के प्रावधान के साथ छेड़छाड़ करना विस्फोटकों से हाथ जलाने के समान होगा। माधव ने कहा कि सरकार वह सभी कदम उठाएगी जो कानून के दायरे में और राज्य के लोगों के हित में होगा। उन्होंने कहा, ‘‘अदालतों के समक्ष कुछ मुद्दे लंबित हैं, जो वहां उठाये जायेंगे।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को दिये गए विशेष प्रावधान को समाप्त करने के बारे में हर बार सवाल किये जा रहे हैं, ‘‘हम यह जानना चाहते हैं कि ऐसा कौन कह रहा है।’’ भाजपा महासचिव ने कहा, ‘‘वह कहते हैं महबूबा जी। लेकिन महबूबा जी सरकार नहीं चला रही हैं। जिसे कदम उठाना है, वह उठाएगा और जो भी कदम उठाया जाएगा वह जम्मू कश्मीर के हित में होगा । जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल महबूबा कर रही हैं वह खुद को प्रासंगिक बनाये रखने का प्रयास है।’’

प्रमुख खबरें

मोदी का वादा याद दिलाकर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में प्रस्ताव पेश: उमर अब्दुल्ला ने केंद्र से मांगा पूर्ण राज्य का दर्जा

Mandar Hill Harassment Incident | बिहार के टूरिस्ट स्पॉट मंदार हिल पर महिला से बर्बरता और छेड़छाड़, 6 लोगों पर केस दर्ज; वीडियो वायरल

India Vs West Indies 2026 | वेस्टइंडीज़ सीरीज़ में यशस्वी जायसवाल को प्लेइंग XI में मिलेगा मौका? पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने दिए अहम संकेत

Ajit Doval से क्या मांग रहे राहुल गांधी? क्यों पीछे पड़ी कांग्रेस, हैरान कर देगी वजह!