By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026
भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी से बंगाल की टीम ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले में रविवार को यहां पहले दिन दिल्ली की पहली पारी 77.3 ओवर में 240 रन पर समेट दी। शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर चार विकेट झटके। आकाश दीप ने 74 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि मुकेश कुमार को 43 रन देकर एक सफलता मिली।
शौकीन ने 98 गेंदों की पारी में 56 रन बनाए। बंगाल ने दिल्ली की पारीसमाप्त कर दी। सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन के शानदार शतक और उत्कर्ष सिंह के अर्धशतक की मदद से झारखंड ने जमशेदपुर में खेले जा रहे मैच में केरल के खिलाफ पहले दिन पांच विकेट पर 289 रन बना लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम के लिए शिखर मोहन ने 196 गेंदों पर 143 रन की आकर्षक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके और दो छक्के लगाए। उत्कर्ष ने 147 गेंदों पर 71 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
केरल की ओर से ऑफ स्पिनर वैशाख चंद्रन ने 71 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि अनुभवी हरफनमौला जलज सक्सेना ने 80 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मध्यक्रम के बल्लेबाज अंकित बावने के धैर्यपूर्ण नाबाद शतक और कप्तान पृथ्वी साव की तेजतर्रार पारी के दम पर महाराष्ट्र ने सेना के खिलाफ दिल्ली में खेले जा रहे इसी ग्रुप के अन्य मैच के पहले दिन स्टंप तक पांच विकेट पर 287 रन बना लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महाराष्ट्र की टीम के लिए बावने ने 232 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए।
उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। कप्तान साव ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए महज 73 गेंदों पर 70 रन ठोक दिए। सेना की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर अर्जुन शर्मा ने 74 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज राज बहादुर ने 49 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी के नाबाद शतक और संदीप पटनायक के अर्धशतक की मदद से ओडिशा ने अहमदाबाद में गुजरात के खिलाफ पहले दिन तीन विकेट पर 272 रन बना लिए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा की टीम के लिए गौरव चौधरी ने 263 गेंदों पर नाबाद 121 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए।
संदीप पटनायक 139 गेंदों पर 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 12 चौके शामिल रहे। गुजरात के गेंदबाजों को पहले दिन विकेट हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
कप्तान चिंतन गजा ने 46 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि अर्जन नागवासवाला ने 57 रन और हर्षल पटेल ने 77 रन देकर एक-एक सफलता हासिल की।