बलात्कार पीड़िता ने जहर खाकर की खुदकुशी, दूर के रिश्तेदार समेत पांच पर मामला दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 15, 2023

कानपुर जिले के रावतपुर क्षेत्र में शादी का झांसा देकर कथित रूप से बलात्कार किये जाने से क्षुब्ध एक एक नाबालिग लड़की द्वारा जहर खाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके दूर के रिश्तेदार समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

इस मामले में मुख्य अभियुक्त के पिता और छोटे भाई को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) लाखन सिंह यादव ने बताया कि रावतपुर क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय एक लड़की ने पिछली 11 सितंबर को जहर खा लिया था।

उसे स्वरूप नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से पिछले मंगलवार को उसे छुट्टी दे दी गयी थी। मगर कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत फिर खराब हो गयी। उसे लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि लड़की ने एक सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि उसके दूर के रिश्तेदार रोहित (20) ने शादी का झांसा देकर करीब दो साल तक उसका यौन शोषण किया था। उसने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया था जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया है।

यादव ने बताया कि इस मामले में रोहित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार), 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 506 (आपराधिक धमकी) और पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में रोहित, उसकी बहनों लक्ष्मी, मोडी, रिंकी और दोस्त पप्पू को भी अभियुक्त बनाया गया है। यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को इस मामले में रोहित के 54 वर्षीय पिता और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित मृत लड़की का दूर का रिश्तेदार बताया जाता है। उसने लड़की से दोस्ती की और कथित तौर पर कई बार उससे बलात्कार किया। यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।

प्रमुख खबरें

Putin big attack on Pakistan: पुतिन की सीक्रेट चिट्ठी पर चौंका भारत, हिले कई देश

शाहनवाज हुसैन का आरोप, बांग्लादेश में हिंदू विरोधी सरकार, डर के साये में अल्पसंख्यक

अब दिल्ली से दहलेगा पाकिस्तान! 450- 800 KM क्षमता, ब्रह्मोस के नए वर्जन में क्या-क्या?

नए साल से पहले भारतीय पासपोर्ट हुआ कमजोर, अमेरिका को भी बड़ा झटका