उद्योग जगत ने ‘आर्थिक सुधारक’ वाजपेयी को भावभीनी श्रंद्धाजलि दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 16, 2018

नयी दिल्ली। उद्योग जगत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को ‘महान आर्थिक सुधारक’ करार देते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उद्योग जगत ने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश तीव्र आर्थिक वृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ा। भारत रत्न से सम्मानित वाजपेयी की अखिल भारतीय अयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने आज शाम निधन की घोषणा की। उन्हें 11 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा ने कहा, ‘‘हममें से जो भी वाजपेयी जी को जानते हैं, उनके निधन की खबर सुनकर दु:खी हैं। संवेदनशील होने के साथ वह हाजिरजवाब भी थे। वह एक महान नेता थे। वह हमेशा हम सभी के जेहन में बने रहेंगे।’’ उद्योग मंडल सीआईआई ने कहा कि अपने पूरे सार्वजनिक जीवन में वाजपेयी देश के लिये मार्गदर्शक रहे। वह बाजार सुधारों के जरिये औद्योगिक और आर्थिक विकास के मजबूत प्रणेता रहे। सीआईआई अध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने कहा, ‘‘उनके दूरदृष्टा नेतृत्व में दूसरी पीढ़ी के आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाया गया। इससे निवेश माहौल बेहतर हुआ जिससे देश की आर्थिक वृद्धि को गति मिली।’’ टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘देश ने आजाद भारत के महान नेता को खो दिया। वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित नेता वाजपेयी ने दूरदृष्टि और बुद्धिमतापूर्ण तरीके से भारत की अगुवाई की। उनके दिल में देश के लिये प्यार था।’’

भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा, ‘‘एक महान आर्थिक सुधारक प्रधानमंत्री के रूप में उनके मन में यह दृढ विचार था कि उदारीकरण से हमें आर्थिक क्षमता को हकीकत रूप देने में मदद मिलेगी और इसी विचार के आधार पर उन्होंने काम किया। अंतत: इससे भारत वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी, मजबूत और जुझारू अर्थव्यवस्था वाला देश बना।’’ महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के साथ अपनी बैठक को याद किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके साथ बातचीत से मैंने एक चीज सीखी। आपकी उपलब्धि कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अंतत: आप अपनी मानवीयता और विनम्रता के जरिये लोगों का प्यार हासिल करते हैं, वह बड़ी चीज है...।’’

 

उद्योग मंडल एसोचैम के अध्यक्ष संदीप जजोदिया ने कहा कि वाजपेयी का ऊंचा व्यक्तित्व, देश को लेकर दूरदृष्टि और लोकतांत्रिक संस्थानों के लिये गहरा सम्मान मौजूदा और आने वाली पीढ़ियों के लिये प्रेरणास्रोत बना रहेगा। फिक्की के अध्यक्ष राशेष शाह ने कहा कि वह काफी ऊर्जावान थे जो देश को सुधार और प्रगति की ओर ले गये और देश को आगे बढ़ाया। बॉयोकान की चेयरपर्सन और प्रबंध निदेशक किरण मजूमदार शॉ ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘देश ने एक महान राजजनीतिज्ञ को खो दिया जो प्रधानमंत्री के रूप में देश को नई ऊंचाई पर ले गये। वह दूरदृष्टा और करिश्माई नेता थे। अपोलो हास्पिटल के संस्थापक और चेयरमैन डा. प्रताप रेड्डी ने कहा, ‘‘वह स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, नई दूरसंचार नीति, सर्व शिक्षा अभियान तथा राजकोषीय जवाबदेही कानून जैसी पहल के जरिये देश को तरक्की के रास्ते पर तेजी से ले गये। उन्होंने आगे की सरकारों के लिये एक नया रास्ता दिया।’’

 

पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यद्वक्ष अनिल खेतान ने वाजेयपी के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उनके निधन से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई मुश्किल है। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा कि वाजपेयी जी आने वाली पीढ़ियों के लिये प्रेरणास्रोत रहेंगे। जिंदल स्टील एंड पावर लि. के चेयरमैन नवीन जिंदल ने कहा कि वह महान नेता थे जिन्होंने सभी से प्यार किया। वेदांता रिर्सोसेज पीएलसी समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा कि भारत ने देश का सच्चा सपूत खो दिया। वह काफी नीचे से उठे और महत्वपूर्ण समय पर देश की अगुवाई की।

प्रमुख खबरें

MI vs SRH IPL 2024: मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत, यहां देखें प्लेइंग इलेवन

Congress पर मोदी का वार, बोले- तुष्टिकरण के कारण राम मंदिर अभिषेक का पार्टी ने किया बहिष्कार, YSR पर भी बरसे

सेना के शौर्य का अपमान करना विपक्ष की आदत: Anurag Thakur

Loksabha Elections के तीसरे चरण में 7 मई को 12 राज्यों की 94 सीटों पर होगी वोटिंग, कई दिग्गजों के भाग्य का होगा फैसला